एंबुलेंस सर्विस के लिए मंगवाए गए 400 वाहन 15 महीने से खा रहे धूल, नहीं हुआ कभी इस्तेमाल- Hum Samvet

कांग्रेस सरकार ने 40 करोड़ की लागत से इन वाहनों को खरीदा था। ताकि प्रदेश के सभी जिलों में इमरजेंसी सेवाओं को शुरू किया जा सके। लेकिन सरकार बदलने के बाद इनका इस्तेमाल नहीं हो पाया।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एंबुलेंस सर्विस डायल- 112 के लिए खरीदी गईं 400 बोलेरो गाड़ियां धूल फांक रही हैं। साल 2023 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इमरजेंसी सेवाओं के लिए 400 बोलेरो खरीदी थी। ये गाड़ियां तभी से रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के अमलेश्वर बटालियन मैदान में बिना इस्तेमाल हुए खराब हो रही हैं। इस मामले में BJP और कांग्रेस एक-दूसरे पर आरोप लगा रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस सरकार ने 40 करोड़ की लागत से इन गाड़ियों को खरीदा था। ताकि प्रदेश के सभी जिलों में इमरजेंसी सेवाओं को शुरू किया जा सके। लेकिन डायल-112 सेवा प्रदेश के मात्र 11 जिलों में ही अभी संचालित हो रही है।

गाड़ियों की खरीददारी के बाद से ही परेड मैदान में खड़ी 400 बोलेरो पर धूल की मोटी परत जम गई है। वाहनों के टायर खराब हो चुके हैं। वायरिंग को चूहे काट रहे हैं। ये गाड़ियां खरीदने के बाद एक बार भी नहीं चलाई गईं हैं। 15 महीने से ये गाड़ियां खड़ी-खड़ी जर्जर हो रही हैं।

इन गाड़ियों का टेंडर तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार ने जून में जारी किया था। लेकिन दिसंबर में प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद BJP सरकार ने डायल-112 विस्तार परियोजना को ठप कर दिया। जिस कंपनी को टेंडर मिला था, उसे डिफॉल्टर करार देते हुए कांग्रेस सरकार द्वारा जारी टेंडर को रद्द कर दिया गया। इसके बाद से अब तक न तो नया टेंडर जारी हुआ है। न ही इन गाड़ियों का इस्तेमाल हो रहा है।

यह भी पढ़ें: इंडिगो फ्लाइट में बम की अफवाह के मामले में बड़ा खुलासा, आरोपी निकला IB अधिकारी

कांग्रेस नेता धनंजय सिंह ठाकुर ने इसके लिए BJP को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि सरकार ना जनता को सुविधा दे पा रही है और ना ही सुरक्षा। कांग्रेस नेता ने कहा कि जनता के हित की योजनाओं को बंद किया जा रहा है। और जनता के पैसे को BJP सरकार पूरी तरह से बर्बाद कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *