नक्सलियों का एनकाउंटर, एक करोड़ का इनामी नक्सली ढेर

Encounter of Naxalites, Naxalite carrying a bounty of Rs. 1 crore killed

बोकारो।  झारखंड के बोकारो जिले में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए हैं। यह मुठभेड़ लुगू और झुमरा पहाड़ के बीच जंगली इलाके में हुई। घटनास्थल से कई हथियार भी बरामद किए गए हैं।
झारखंड के DGP के मुताबिक, इस मुठभेड़ में एक करोड़ रुपए का इनामी नक्सली ‘विवेक’ भी मारा गया। अब तक कुल आठ नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। बाकी नक्सलियों की पहचान की जा रही है और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़

गुप्त सूचना के आधार पर CRPF और जिला पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। जब जवानों की टीम नक्सलियों के इलाके में पहुंची, तो नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ओर से करीब ढाई घंटे तक गोलियां चलती रही। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने दो इंसास राइफल, एक एसएलआर, एक पिस्तौल, और 8 देसी राइफलें बरामद की हैं। हालांकि, फिलहाल गोलीबारी बंद हो चुकी है, लेकिन सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।

नक्सलियों के ठिकाने

लुगू और झुमरा पहाड़ नक्सलियों के लंबे समय से सुरक्षित ठिकाने रहे हैं। सुरक्षा बलों ने इस मुठभेड़ को बड़ी सफलता माना है। अधिकारियों के मुताबिक, इस ऑपरेशन में कोई सुरक्षाकर्मी घायल नहीं हुआ है और इलाके में सर्च ऑपरेशन को लेकर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।