पूर्व मुख्यमंत्री रूपाणी का आज अंतिम संस्कार

Ahmedabad plane crash: Former Chief Minister Rupani's last rites today, 92 bodies identified so far

दिल्ली। अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे को चार दिन बीत चुके हैं। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान और शवों को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।

अब तक कुल 250 शवों का डीएनए सैंपल लिया गया है, जिनमें से 92 की पहचान हो चुकी है। इनमें से 47 शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। शवों को एम्बुलेंस से सुरक्षा के साथ उनके गृहनगर भेजा जा रहा है। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मृत्यु हुई थी। रविवार को उनका शव पहचान में आया, जिसे आज चार्टर्ड प्लेन से राजकोट ले जाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार दोपहर 3 बजे किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रमुख सचिव पीके मिश्रा ने रविवार को दुर्घटना स्थल का दौरा किया और अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार, एयरपोर्ट अथॉरिटी और AAIB के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ समय बाद क्रैश हो गई थी। विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकरा गया था। इस हादसे में कुल 275 लोगों की मौत हुई, जिसमें 229 यात्री (1 जीवित), 12 विमानकर्मी और हॉस्टल के 34 लोग शामिल थे। अंतिम आंकड़ा सभी डीएनए रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।