
1 फरवरी को पेश किए गए बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर एक अहम ऐलान किया। सरकार ने लखपति दीदी योजना को और विस्तार देने की घोषणा की है, जिससे देशभर की लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस योजना के तहत अब महिलाओं को केवल ट्रेनिंग तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों को बेचने के लिए देशभर में ज्यादा रिटेल आउटलेट खोले जाएंगे। इससे महिलाओं को बाजार से जोड़ने, स्थायी आय के साधन विकसित करने और उद्यमिता को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। यह पहल ग्रामीण के साथ-साथ शहरी महिलाओं के लिए भी नए अवसर खोलेगी।
क्या है लखपति दीदी योजना?
लखपति दीदी योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना का लक्ष्य है कि महिलाएं स्वरोजगार या छोटे व्यवसाय के जरिए सालाना कम से कम एक लाख रुपये की आय अर्जित कर सकें।
योजना के तहत पात्र महिलाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त लोन दिया जाता है। सरकार लोन पर ब्याज सब्सिडी उपलब्ध कराती है, जिससे महिलाओं पर ब्याज का बोझ नहीं पड़ता और वे अपना व्यवसाय आसानी से शुरू या बढ़ा सकती हैं।
कौन महिलाएं कर सकती हैं आवेदन?
- स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं
- 18 से 50 वर्ष की आयु की महिलाएं
- सीमित आय वाली महिलाएं जो स्वरोजगार शुरू करना चाहती हैं
- पहले से छोटे व्यवसाय या काम से जुड़ी महिलाएं
यह योजना खासतौर पर ग्रामीण महिलाओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसमें खेती से जुड़े कार्य, डेयरी, फूड प्रोसेसिंग, सिलाई-कढ़ाई, हैंडीक्राफ्ट, टेक्सटाइल और रिटेल जैसे क्षेत्रों में रोजगार को बढ़ावा दिया जाता है।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
- आधार कार्ड
- पैन कार्ड
- बैंक पासबुक
- पासपोर्ट साइज फोटो
- सक्रिय मोबाइल नंबर
लखपति दीदी योजना के लिए कैसे करें आवेदन
लखपति दीदी योजना के लिए महिलाएं ग्रामीण विकास मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
ऑफलाइन आवेदन के लिए महिलाएं अपने नजदीकी स्वयं सहायता समूह कार्यालय, ग्रामीण विकास विभाग या संबंधित बैंक में जाकर आवेदन फॉर्म भरकर जरूरी दस्तावेज जमा कर सकती हैं।
