बारिश से राहत और लू से आफत: 7 राज्यों में हीटवेव

Relief from rain and trouble from heatwave: Heatwave alert in 7 states, Monsoon to arrive in MP soon

दिल्ली। देशभर में मौसम ने करवट ली है। एक ओर कुछ राज्यों में मानसून की दस्तक से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत के कई हिस्से अभी भी हीटवेव की चपेट में हैं। मध्यप्रदेश में मानसून 16 जून तक पहुंचने की संभावना है।

इंदौर, भोपाल सहित कई जिलों में आज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के जैसलमेर में सुबह बारिश हुई, वहीं श्रीगंगानगर में तापमान 49.4°C दर्ज हुआ, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग ने 23 जिलों में आंधी और लू का अलर्ट जारी किया है। पुणे में बीती रात भारी बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं और 4-5 गाड़ियां पानी में बह गईं। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।

47 जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में 19 जिलों में लू और 47 जिलों में बारिश का अलर्ट है। आगरा में बिजली गिरने से एक युवती की मौत हो गई। मानसून के 20-26 जून तक पूरे राज्य में सक्रिय होने की संभावना है। बिहार के 34 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना है, जबकि 4 जिलों में तापमान 42°C पार कर सकता है।

झारखंड में 18 जून तक पहुंचेगा मानसून

झारखंड में 18 जून तक मानसून के पहुंचने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भी लू और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी है। पंजाब के बठिंडा में तापमान 46°C पहुंच गया है। देश के कई हिस्सों में मानसून की आमद ने राहत पहुंचाई है, लेकिन उत्तर-पश्चिमी राज्यों में अब भी गर्मी का कहर जारी है।