रूस के कजान में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर जैसा हमला, कई इमारतों से टकराए ड्रोन, सामने आया तबाही का वीडियो

इससे पहले शुक्रवार को यूक्रेन ने रूस के कुर्स्क बॉर्डर पर अमेरिकी मिसाइलें दागीं थीं। इसमें 6 लोग मारे गए थे। इसके तुरंत बाद रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर हमला किया, जिसमें एक की मौत हुई।

मॉस्को। रूस के कजान शहर में शनिवार सुबह अमेरिका के 9/11 वर्ल्ड ट्रेड सेंटर जैसा हमला हुआ। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, यूक्रेन ने कजान पर 8 ड्रोन अटैक किए। इनमें से 6 अटैक गगनचुंबी रिहायशी इमारतों पर हुए। कजान शहर रूस की राजधानी मॉस्को से 720 किलोमीटर दूर है। इस हमले में किसी के मारे जाने की सूचना नहीं दी गई है।

सोशल मीडिया पर हमले के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें कई ड्रोन इमारतों से टकराते नजर आ रहे हैं। इन हमलों के बाद कजान समेत रूस के दो एयरपोर्ट्स को बंद कर दिया गया है। यह हमला अमेरिका में साल 2001 में हुए 11 सितंबर जैसे हमले की तरह किया गया है। इस हमले में हुए नुकसान की अभी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन जिस तरह से ड्रोन्स रिहायशी इमारतों से टकराए हैं और इमारतों में धमाके हुए और आग लगी, उससे बड़े नुकसान की आशंका है।

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ये हमले यूक्रेन की तरफ से किए गए हैं। ड्रोन हमलों के बाद कजान एयरपोर्ट पर हवाई सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। रूसी रक्षा मंत्री ने दावा किया है कि उनके बलों ने 12 यूक्रेनी ड्रोन्स को तबाह किया है। यूक्रेनी मीडिया का दावा है कि बीती रात रूस के रोस्तोव में भी दो तेल डिपो में आग लगने की घटना हुई। यह आग भी कथित यूक्रेनी ड्रोन हमले के चलते लगी।

बीते अक्तूबर में ही कजान शहर ब्रिक्स सम्मेलन के चलते दुनिया भर में चर्चा में रहा था। रूस ने कजान में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन किया था। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उस ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल हुए। कजान का रूस के इतिहास में अहम स्थान है और ये शहर रूस के उद्योग, संस्कृति और धर्म का प्रमुख केंद्र है। इसे रूस की तीसरी राजधानी या खेल राजधानी भी कहा जाता है।

बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को यूक्रेन ने रूस के कुर्स्क बॉर्डर पर अमेरिकी मिसाइलें दागीं थीं। इसमें 6 लोग मारे गए थे। इसके तुरंत बाद रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर हमला किया, जिसमें एक की मौत हुई। यूरोपियन यूनियन की चीफ उर्सुला वॉन डेर लेयन के मुताबिक रूस ने कीव में जिस इमारत को निशाना बनाया था, वहां से कई देशों के डिप्लोमेटिक मिशन ऑपरेट होते थे।

अमेरिका में 2001 में आतंकियों ने वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर इसी तरह से 4 प्लेन हाईजैक कर हमला किया था। इनमें से 3 प्लेन एक-एक कर अमेरिका की 3 अहम इमारतों में क्रैश कराए गए। पहला क्रैश 8 बजकर 45 मिनट पर हुआ। बोइंग 767 तेज रफ्तार से वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के नॉर्थ टॉवर से जा टकराया। 18 मिनट बाद एक दूसरा बोइंग 767 बिल्डिंग के साउथ टॉवर से जा टकराया था। इन हमलों में लगभग 3000 लोग मारे गए थे और 6 हजार से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *