अमेरिका में 20 महीने में 6,111 भारतीय गिरफ्तार, 2,349 को डिपोर्ट किया

दिल्ली। अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की इमिग्रेशन नीति का असर भारतीयों पर भी दिख रहा है। जनवरी 2025 से अगस्त 2026 के बीच अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी ICE ने 6,111 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया।

इनमें से 5,235 लोगों को डिपोर्टेशन सेंटर में रखा गया, जबकि 2,349 को भारत वापस भेज दिया गया। अमेरिकन कम्युनिटी मीडिया की रिपोर्ट में ये आंकड़े सामने आए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में भारतीयों की गिरफ्तारी का यह रिकॉर्ड है। संस्था स्टॉप AAPI हेट का दावा है कि नवंबर के मिडटर्म चुनाव से पहले ICE ने छापेमारी तेज कर दी थी।

एशिया-प्रशांत समुदायों में भारतीयों की गिरफ्तारी, हिरासत और डिपोर्टेशन सबसे ज्यादा हुए। हालांकि, कार्रवाई के नए आंकड़े अभी सामने नहीं आए हैं।

ग्रीन कार्ड मंजूर, फिर भी एक हफ्ते तक हिरासत

कैलिफोर्निया में 60 साल की भारतीय मूल की रेस्टोरेंट संचालक बबली (बदला हुआ नाम) को भी हिरासत में लिया गया। उन्हें ग्रीन कार्ड आवेदन से जुड़ी बायोमेट्रिक्स प्रक्रिया के लिए इमिग्रेशन ऑफिस बुलाया गया था।

वे 1994 से अमेरिका में रह रही हैं और उनका ग्रीन कार्ड मंजूर हो चुका था। परिवार के मुताबिक, उन्हें एक सप्ताह तक हिरासत में रखने के बाद छोड़ा गया। कैलिफोर्निया में 850 से ज्यादा भारतीयों की गिरफ्तारी हुई है।

2025 में 16 साल का रिकॉर्ड टूटा

भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, 2025 में 3,567 भारतीयों को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया। यह 16 साल में सबसे ज्यादा संख्या थी। जून 2026 तक 1,076 भारतीयों को वापस भेजा जा चुका था।

ICE ने जून में ही 801 भारतीयों को रिमूवल ऑर्डर जारी किए थे। हालांकि, इस आदेश के बाद तत्काल डिपोर्टेशन जरूरी नहीं होता। संबंधित व्यक्ति अदालत में अपील कर सकता है।

वीजा धारक भी कार्रवाई के दायरे में

रिपोर्ट में कुछ ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जिनमें वीजा धारकों पर नियम उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई हुई। नौकरी छूटने के बाद नई नौकरी तलाश रहे H-1B वीजा धारक और पार्ट टाइम काम करने वाले लोगों को भी हिरासत में लिया गया।

फरवरी 2025 में अमेरिका ने सैन्य विमान से 104 भारतीयों को अमृतसर भेजा था। उस दौरान हथकड़ी और बेड़ियों में जकड़े लोगों की तस्वीरों पर भारत में विवाद हुआ था।