पटना। बिहार के लखीसराय जिले स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर के बाहर अचानक मची भगदड़ में 7 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालु अशोकधाम मंदिर पहुंचे थे। श्रद्धालुओं की लंबी कतार अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच बिजली का एक खंभा गिरने की सूचना सामने आई। इसके बाद वहां करंट फैलने की अफवाह फैल गई।
अफवाह फैलते ही श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई महिलाएं भीड़ के बीच गिर गईं और अन्य लोगों के नीचे दब गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रशासन के अनुसार, हादसे में मरने वालों में मनमाला देवी, रिंकू देवी, हेमलता देवी और ललिता देवी समेत सात महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, कई अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
अशोकधाम मंदिर प्राचीनकाल से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। सावन के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
