दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पीएफ खातों में 8.25% ब्याज जमा करना शुरू कर दिया है। कई खाताधारकों को ब्याज क्रेडिट होने के SMS भी मिलने लगे हैं।
यदि आपको अभी तक कोई मैसेज नहीं मिला है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। ब्याज जमा करने की प्रक्रिया जारी है और आप कई आधिकारिक तरीकों से अपना PF बैलेंस चेक कर सकते हैं।
EPFO के अनुसार, सदस्य मिस्ड कॉल, SMS, उमंग (UMANG) ऐप और EPFO की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए अपने खाते का बैलेंस और ब्याज की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
वेबसाइट पर UAN और पासवर्ड की मदद से लॉग-इन कर पासबुक देखी जा सकती है। वहीं, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से मिस्ड कॉल या SMS भेजकर भी खाते की जानकारी हासिल की जा सकती है।
इस बीच EPFO ने पीएफ निकासी के नियमों में भी बदलाव किया है। नए नियम के अनुसार, सदस्य अब अपने खाते से केवल 75% तक की पात्र राशि ही निकाल सकेंगे।
यानी यदि किसी सदस्य के खाते में 1 लाख रुपए का पात्र बैलेंस है, तो कम से कम 25 हजार रुपए खाते में रखना अनिवार्य होगा और अधिकतम 75 हजार रुपए की निकासी की जा सकेगी।
EPFO जल्द ही EPFO 3.0 के तहत UPI और ATM के जरिए पीएफ निकालने की सुविधा भी शुरू करने जा रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद 7.8 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर्स बिना कागजी प्रक्रिया के तेजी से अपना फंड निकाल सकेंगे।
इसके अलावा ऑटो-क्लेम सेटलमेंट और सदस्य की पसंद के बैंक खाते में सीधे राशि ट्रांसफर जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
EPFO का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य पीएफ से जुड़ी सेवाओं को अधिक आसान, तेज और डिजिटल बनाना है। यदि आपके खाते में अभी तक ब्याज नहीं दिखा है, तो कुछ समय इंतजार करें, क्योंकि सभी खातों में चरणबद्ध तरीके से ब्याज जमा किया जा रहा है।
