
नई दिल्ली। भारत में तीन दिनों के भीतर एक बार फिर वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब के डाउन होने की शिकायतें मिल रही हैं। डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, सोमवार, 22 दिसंबर की सुबह भारत में कुछ यूजर्स ने यूट्यूब के डाउन होने की खबर दी थी। वहीं, शाम 6.30 बजे तक शिकायतें कई गुना बढ़ गईं। प्लेटफॉर्म के मुताबिक, लगभग 42% यूजर्स का कहना है कि उन्हें वीडिया स्ट्रीमिंग में परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि 33% यूजर्स ने बताया कि उन्हें वीडियो अपलोड करने में समस्या आ रही है। वहीं, 25% यूजर्स ने बताया कि उन्हें यूट्यूब एप का इस्तेमाल करने में दिक्कतें आ रही हैं।
देश भर से मिली शिकायतें
डाउनडिटेक्टर के अनुसार, देश में दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और कोलकाता के यूजर्स ने सबसे अधिक शिकायतें दर्ज कराई हैं। वहीं, जयपुर, आगरा, लखनऊ और पटना से भी कई यूजर्स ने यूट्यूब के डाउन होने की बात कही है।
तीन दिन पहले भी डाउन हुआ था यूट्यूब
आपको बता दें कि शुक्रवार, 19 दिसंबर 2025 की शाम भी यूट्यूब भारत और अमेरिका समेत कई देशों डाउन हो गया था। लोगों ने एप और वेबसाइट पर वीडियो न देख पाने और अपलोड न होने की शिकायतें की थीं। यूट्यूब गूगल की स्वामित्व वाला वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म है जो भारत समेत कई देशों में काफी लोकप्रिय है। यूट्यूब की सेवाओं में दिक्कतों को लेकर कंपनी ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
