अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब 1 नए स्तर पर पहुंच गया है। पाकिस्तान में दोनों देशों के बीच 21 घंटे तक चली शांति वार्ता बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई। इस विफलता के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को घेरने की बड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका समुद्री नाकेबंदी के लिए पूरी तरह तैयार है और भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी शुरू की जाएगी।
लेकिन इस कड़े कदम से पहले ही अमेरिका को 2 प्रमुख मित्र राष्ट्रों—ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया—से 1 बड़ा झटका लगा है। दोनों देशों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे इस युद्ध से खुद को दूर रखेंगे।
‘यह हमारा युद्ध नहीं’- ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने मिडिल ईस्ट के तनाव पर अपना रुख बिल्कुल स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिका के नेतृत्व वाली किसी भी नौसैनिक नाकेबंदी में ब्रिटेन शामिल नहीं होगा।
स्टार्मर ने ट्रंप को साफ संदेश दिया है कि ब्रिटेन को इस लड़ाई में न घसीटा जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से दुनिया भर में 1 भयंकर ऊर्जा संकट पैदा हो सकता है, जिससे आम लोगों के बिजली और गैस के बिल बढ़ जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ‘यह युद्ध हमारा नहीं है’।
ऑस्ट्रेलिया ने भी किया किनारा
ब्रिटेन के बाद ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भी खुद को इस विवाद से अलग कर लिया है। एंथनी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून का सम्मान करता है और वे नहीं चाहते कि होर्मुज स्ट्रेट की किसी भी प्रकार की नाकेबंदी की जाए।
तुर्की का 45 से 60 दिन के सीजफायर का सुझाव
इस बढ़ते तनाव के बीच तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान ने शांति का मार्ग अपनाने की अपील की है। उन्होंने सुझाव दिया है कि होर्मुज स्ट्रेट को लेकर 1 स्थाई समाधान निकाला जाना चाहिए। इसके लिए अमेरिका और ईरान के बीच आगे की बातचीत जारी रखने हेतु मौजूदा युद्धविराम को 45 से 60 दिनों के लिए बढ़ा दिया जाना चाहिए।
CENTCOM की नाकेबंदी पर क्या है तैयारी?
अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने स्पष्ट किया है कि यह नाकेबंदी बिना किसी भेदभाव के सभी देशों के जहाजों के लिए लागू होगी जो ईरानी बंदरगाहों की ओर जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह राहत दी है कि जो जहाज गैर-ईरानी बंदरगाहों के बीच यात्रा कर रहे हैं, उन्हें अभी भी होर्मुज रास्ते से गुजरने की अनुमति होगी।
