Central Zonal Council Meeting: बस्तर में 18-19 मई को अमित शाह करेंगे अध्यक्षता, सीएम साय ने शुरू की तैयारियां

Central Zonal Council Meeting

Central Zonal Council Meeting:छत्तीसगढ़ के बस्तर में विकास और सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। आगामी 18 और 19 मई को बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की एक बेहद अहम बैठक आयोजित होने जा रही है। इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में आगे बढ़ रहे बस्तर में इस स्तर की बैठक का आयोजन काफी अहम माना जा रहा है।

मंत्रालय में मुख्यमंत्री साय ने ली समीक्षा बैठक इस आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मंत्रालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में प्रदेश के डिप्टी सीएम विजय शर्मा के साथ-साथ गृह विभाग और प्रशासन के तमाम अफसर मौजूद रहे। बैठक का मुख्य फोकस प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था, विभागीय एवं विकास कार्यों की समीक्षा और योजनाओं की प्रगति पर रहा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुरक्षा और व्यवस्थापन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए हैं।

चार राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल बस्तर में होने वाली इस मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि तीन अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए बस्तर पहुंचेंगे।

बैठक के मुख्य एजेंडे जानकारों के मुताबिक, इस बैठक में मुख्य रूप से राज्यों के बीच नीति निर्माण, अंतर-राज्यीय समन्वय, सुरक्षा, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। आपको बता दें कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की पिछली बैठक उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित की गई थी।