TS Singh Deo on Mamata Banerjee:ममता के इस्तीफे से इनकार पर टीएस सिंहदेव का पलटवार, राहुल गांधी ने भी चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की करारी हार के बाद राजनीतिक हलचल काफी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह साफ कर दिया है कि वह अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगी। ममता का दावा है कि उन्होंने चुनाव नहीं हारा है, बल्कि उनके साथ बेईमानी हुई है। इस बयान के बाद बंगाल से लेकर दिल्ली और छत्तीसगढ़ तक सियासत गरमा गई है।
संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ है यह फैसला: टीएस सिंहदेव ममता बनर्जी के इस फैसले पर छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ममता बनर्जी के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि हारने के बाद पद नहीं छोड़ना किसी भी तरह से संवैधानिक व्यवस्था का हिस्सा नहीं है। सिंहदेव ने कहा कि पता नहीं ममता बनर्जी क्या सोचकर ऐसा कर रही हैं। एक सदन का कार्यकाल सिर्फ 5 साल का होता है और चुनाव परिणाम आने के बाद, जिन्हें बहुमत मिला है, राज्यपाल उन्हें ही नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगे।
ममता बोलीं- जोर जबरदस्ती से नहीं दूंगी इस्तीफा इससे पहले कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए ममता बनर्जी ने बीजेपी पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। जब उनसे इस्तीफे के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि मैं क्यों जाऊंगी? हम हारे नहीं हैं। अगर हार का कोई सबूत होता तो मैं इस्तीफा दे देती। कोई जोर-जबरदस्ती करके मुझसे इस्तीफा मांगेगा, तो मैं नहीं दूंगी।
राहुल गांधी ने किया ममता का समर्थन, जनादेश की लूट का लगाया आरोप एक तरफ जहां टीएस सिंहदेव संवैधानिक प्रक्रिया की बात कर रहे हैं, वहीं संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए ममता बनर्जी के सुर में सुर मिलाया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बंगाल और असम में जो हुआ है, वह जनादेश की लूट है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं तरीकों का इस्तेमाल मध्य प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र में भी किया गया था। राहुल ने अपने पोस्ट में साफ कहा कि यह किसी एक पार्टी की नहीं बल्कि भारत के लोकतंत्र को बचाने की बात है, इसलिए छोटी-मोटी राजनीति को अलग रखना चाहिए।
