US Iran Conflict Updates:पश्चिम एशिया में तनाव अब एक बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। ईरान के इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिका को खुलेआम कड़ी चेतावनी दी है। IRGC के नौसेना कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर कहा है कि अगर फारस की खाड़ी या होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी तेल टैंकरों और व्यापारिक जहाजों पर दोबारा हमला हुआ, तो वे अमेरिकी ठिकानों और सैन्य जहाजों पर भारी हमला करेंगे।
इस चेतावनी को और गंभीर बनाते हुए IRGC की एयरोस्पेस फोर्स ने दावा किया है कि उनकी मिसाइलें और घातक ड्रोन पहले ही अमेरिकी सैन्य ठिकानों और दुश्मन जहाजों पर ‘लॉक’ हो चुके हैं और अब उन्हें सिर्फ शीर्ष नेतृत्व के आदेश का इंतजार है।
14 पॉइंट का ड्राफ्ट और ईरान की बेरुखी
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, इस भारी तनाव के बीच अमेरिका ने कूटनीतिक रास्ता अपनाते हुए 14 पॉइंट वाला एक ड्राफ्ट तैयार किया है और उसे ईरान को सौंपा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में उम्मीद जताई थी कि शनिवार सुबह तक ईरान का जवाब आ जाएगा।
हालांकि, ईरान ने अमेरिका के इस अल्टीमेटम को सिरे से खारिज कर दिया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी प्रस्ताव अभी समीक्षा के दौर में है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “हम अमेरिका की समय सीमा को नहीं मानते। ईरान अपना काम अपने तरीके से करेगा और सही समय पर जवाब देगा।”
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स
युद्ध के मुहाने पर खड़ी दुनिया के लिए पिछले 24 घंटों में कई बड़े घटनाक्रम हुए हैं:
- अमेरिका-ईरान में बातचीत की तैयारी: बढ़ते तनाव के बावजूद कूटनीतिक कोशिशें जारी हैं। अगले हफ्ते पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच नई वार्ता हो सकती है, जिसका आधार अमेरिका द्वारा दिया गया 14 पॉइंट का ड्राफ्ट होगा।
- होर्मुज स्ट्रेट पर संकट और नाकाबंदी: ईरान ने चेतावनी दी है कि अमेरिकी दखल से जंग दोबारा शुरू हो सकती है। वहीं, अमेरिका ने दावा किया है कि उसने 70 से ज्यादा व्यापारिक जहाजों को ईरानी बंदरगाहों तक पहुंचने से रोक दिया है।
- कच्चा तेल (ब्रेंट क्रूड) 103 डॉलर के पार: होर्मुज संकट का सीधा असर वैश्विक बाजार पर पड़ा है। ब्रेंट क्रूड ऑयल 103 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है। संयुक्त राष्ट्र (UN) और विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इससे दुनिया भर में, खासकर दक्षिण एशिया में खाद्य पदार्थ और ईंधन की कीमतें तेजी से बढ़ सकती हैं।
- लेबनान में इजराइली हमले तेज: दक्षिणी लेबनान में इजराइल के हवाई और ड्रोन हमलों में एक दिन में 39 लोगों की मौत हो गई है। कई रिहायशी इमारतें तबाह हुई हैं। जवाब में हिजबुल्लाह ने भी इजराइल पर ड्रोन व रॉकेट दागने का दावा किया है।
- इजराइल-लेबनान शांति वार्ता की नई तारीख: युद्ध के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में 14 और 15 मई को इजराइल और लेबनान के बीच नई शांति वार्ता तय की गई है। इसमें सीमा विवाद, पुनर्निर्माण और हिजबुल्लाह के हथियारों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
