Tamil Nadu CM Vijay:तमिलनाडु की राजनीति ने आज एक नया और ऐतिहासिक मोड़ ले लिया है। तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख और सुपरस्टार विजय ने रविवार को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण करते ही मुख्यमंत्री विजय सीधे ‘एक्शन मोड’ में आ गए और जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में अपने पहले कदम बढ़ा दिए।
शपथ लेते ही इन 2 अहम फाइलों पर किए हस्ताक्षर
मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही विजय ने सबसे पहले दो महत्वपूर्ण सरकारी आदेशों पर साइन किए:
- 200 यूनिट मुफ्त बिजली: राज्य के नागरिकों को राहत देते हुए हर महीने 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने के आदेश को मंजूरी।
- महिला सुरक्षा दस्ता: महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य में एक विशेष ‘महिला सुरक्षा दस्ता’ (Women Safety Squad) तैनात करने का आदेश।
“मेरे अलावा कोई दूसरा पावर सेंटर नहीं”: विजय का कड़ा संदेश
शपथ ग्रहण के बाद अपने पहले संबोधन में सीएम विजय ने पूरे आत्मविश्वास के साथ जनता को संबोधित किया। उनके भाषण की प्रमुख बातें इस प्रकार रहीं:
- आम आदमी का नेता: विजय ने कहा, “मैं किसी राजघराने से नहीं आता, लेकिन लोगों ने मुझे दिल से स्वीकार किया है। मैं झूठे वादे कर जनता को धोखा नहीं दूंगा।”
- सिंगल पावर सेंटर: उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार में उनके अलावा कोई दूसरा ‘पावर सेंटर’ नहीं होगा। सत्ता की पूरी कमान और जिम्मेदारी उन्हीं के हाथों में होगी।
- भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस: विजय ने कड़े शब्दों में कहा कि वह कभी गलती नहीं करेंगे और न ही जनता के खून-पसीने की कमाई को व्यर्थ बहने देंगे। भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी सरकार कड़ाई से शिकंजा कसेगी।
- नया युग: उन्होंने इसे वास्तविक, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के एक नए युग का शुभारंभ बताया।
इस भव्य समारोह में विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर, मां शोभा, मशहूर अभिनेत्री तृषा सहित कई दिग्गज हस्तियां और भारी संख्या में समर्थक मौजूद थे।
राहुल गांधी ने दी बधाई, कहा- “तमिलनाडु ने चुनी नई पीढ़ी”
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के दिग्गज नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल हुए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सी. जोसेफ विजय (थलापति विजय का पूरा नाम) को बधाई दी। राहुल ने लिखा, “तमिलनाडु ने चुनाव कर लिया है। एक नई पीढ़ी। एक नई आवाज। एक नई कल्पना। थिरु विजय को मेरी शुभकामनाएं – आशा है कि वह तमिलनाडु की जनता की आशाओं को पूरा करेंगे।”
