बेटी पैदा हुई तो घरेलू विवाद के बाद पति ने पत्नी को मारी गोली

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर में नवजात बेटी की छठ्ठी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब घरेलू विवाद के बाद एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना हलाई थाना क्षेत्र के चकलालशाही गांव की है। मृतका की पहचान 26 वर्षीय मंजुला कुमारी के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसके पति सूरज सहनी पर लगा है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है।

बेटी के जन्म पर घर में था समारोह

बताया गया कि मंजुला ने हाल ही में बेटी को जन्म दिया था। मंगलवार रात घर में नवजात की छठ्ठी का कार्यक्रम चल रहा था। परिवार और रिश्तेदार खुशी के माहौल में जुटे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर मंजुला और सूरज के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सूरज ने पत्नी को गोली मार दी।

गोली लगने के बाद मंजुला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

पति की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब हत्या के पीछे घरेलू विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी पति की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

सदर डीएसपी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपी पति की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना के कारणों और वारदात की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।