मुंबई। देश की प्रमुख बेवरेज कंपनी और Pepsi की बॉटलिंग करने वाली वरुण बेवरेजेज लिमिटेड (VBL) ने कारोबार के विस्तार को लेकर बड़ा ऐलान किया है। कंपनी अब रेडी-टू-ड्रिंक (RTD) अल्कोहलिक बेवरेजेज के कारोबार में उतरने की तैयारी कर रही है।
इसके लिए कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली नई सब्सिडियरी KIVA Spirits & Company बनाई जाएगी। हालांकि, इस घोषणा के बाद कंपनी के शेयरों में तेजी के बजाय गिरावट देखने को मिली।
VBL के शेयर बुधवार को करीब 431 रुपए पर बढ़त के साथ खुले और शुरुआती कारोबार में 447.90 रुपए तक पहुंच गए। इसके बाद मुनाफावसूली हावी हुई और शेयर करीब 2% गिरकर 423 रुपए तक पहुंच गया।
KIVA Spirits के जरिए होगा नया कारोबार
कंपनी के बोर्ड ने KIVA Spirits & Company को शामिल करने की मंजूरी दी है। यह कंपनी RTD अल्कोहलिक बेवरेजेज और इससे जुड़े उत्पादों का कारोबार करेगी। हालांकि, इसके लिए जरूरी नियामकीय और अन्य मंजूरियां हासिल करना जरूरी होगा।
यह फैसला वरुण बेवरेजेज और PepsiCo के बीच हुए एक्सक्लूसिव बॉटलिंग अपॉइंटमेंट और ट्रेडमार्क लाइसेंस एग्रीमेंट में बदलाव के बाद लिया गया है। इन बदलावों के बाद कंपनी पर PepsiCo के उत्पादों के अलावा दूसरे कारोबार करने की पुरानी पाबंदी हट गई है।
ट्यूनीशिया में भी बढ़ाएगी कारोबार
कंपनी ने ट्यूनीशिया में बेवरेज उत्पादन और वितरण के लिए जॉइंट वेंचर बनाने को भी मंजूरी दी है। इसमें कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस, पानी और डेयरी उत्पाद शामिल होंगे।
ब्रोकरेज को शेयर में तेजी की उम्मीद
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म CLSA ने VBL पर ‘आउटपरफॉर्म’ रेटिंग बरकरार रखते हुए 629 रुपए का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक अल्कोहलिक बेवरेज सेगमेंट में प्रवेश से कंपनी के लिए बाजार का दायरा बढ़ सकता है। भारत के अल्कोहल बाजार का अनुमानित आकार करीब 50.8 अरब डॉलर बताया गया है।
