छत्तीसगढ़ की बेटी का कमाल: एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में ज्ञानेश्वरी यादव ने जीते दो पदक

Gyaneshwari Yadav Weightlifter

Gyaneshwari Yadav Weightlifter:छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव की होनहार वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर प्रदेश और देश का परचम लहराया है। सीनियर एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने सिल्वर और कांस्य पदक अपने नाम किया है।

194 किलोग्राम वजन उठाकर रचा इतिहास

ज्ञानेश्वरी ने 53 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लेते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया।

  • स्नैच (Snatch): 88 किलोग्राम
  • क्लीन एण्ड जर्क (Clean & Jerk): 106 किलोग्राम
  • कुल वजन: 194 किलोग्राम इस उत्कृष्ट खेल के दम पर उन्होंने पदक तालिका में अपना नाम दर्ज कराया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला प्रशासन, जय भवानी व्यायाम शाला, खेल संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है।

समोआ में भी जीता था गोल्ड

मई महीने की शुरुआत में भी ज्ञानेश्वरी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। समोआ में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया था। इसी चैंपियनशिप में भारत की एक अन्य खिलाड़ी कोमल कोहर ने भी 48 किग्रा कैटेगिरी में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

ज्ञानेश्वरी की इस शानदार सफलता पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हर्ष व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने सीमित संसाधनों के बावजूद अनुशासन और समर्पण के बल पर जो मुकाम हासिल किया है, वह राज्य के सभी युवाओं और विशेष रूप से बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।