IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी का जलवा, 15 साल के युवा सनसनी ने 5 बड़े अवॉर्ड्स पर ठोका दावा, कुछ तो पक्के!

Vaibhav Sooryavanshi IPL 2026 Awards

Vaibhav Sooryavanshi IPL 2026 Awards:नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का रोमांच अपने चरम पर है और इस सीजन अगर किसी एक खिलाड़ी ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है, तो वह हैं राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi)। क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स का सफर भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन वैभव ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। उन्होंने इस सीजन 16 मैचों में 237.30 की अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन बनाए हैं। अपनी इस जादुई फॉर्म के दम पर वैभव आईपीएल 2026 के 5 सबसे बड़े अवॉर्ड्स पर कब्जा जमाने की रेस में सबसे आगे हैं।

आइए जानते हैं उन 5 अवॉर्ड्स के बारे में, जिन पर वैभव सूर्यवंशी का नाम लगभग लिखा जा चुका है:

1. सबसे ज्यादा छक्के (Most Sixes Award)

आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का अवॉर्ड वैभव सूर्यवंशी को मिलना पूरी तरह से तय हो चुका है। वैभव ने इस सीजन अपनी तूफानी बल्लेबाजी से कुल 72 छक्के जड़े हैं, जो एक सीजन में किसी भी भारतीय द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। उन्होंने क्रिस गेल (59 छक्के) का 14 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर अभिषेक शर्मा हैं, जिनके नाम 43 छक्के हैं।

2. इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन (Emerging Player of the Season)

महज 15 साल की उम्र में दुनिया के सबसे बड़े टी20 लीग में गेंदबाजों के पसीने छुड़ाना कोई छोटी बात नहीं है। 776 रन, 72 छक्के और 4 ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीतने के बाद ‘इमर्जिंग प्लेयर’ का खिताब वैभव सूर्यवंशी के अलावा शायद ही किसी और युवा खिलाड़ी को मिल सकता है।

3. सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन (Super Striker of the Season)

इस सीजन वैभव ने केवल रन ही नहीं बनाए, बल्कि जिस गति से रन बनाए हैं, उसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। 500 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों के आईपीएल इतिहास में वैभव का 237.30 का स्ट्राइक रेट सबसे अधिक है। एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनका 335 की स्ट्राइक रेट से खेलना इस अवॉर्ड पर उनके दावे को पक्का करता है।

4. ऑरेंज कैप (Orange Cap)

फिलहाल वैभव सूर्यवंशी 776 रनों के साथ ऑरेंज कैप की रेस में सबसे ऊपर यानी पहले पायदान पर मौजूद हैं। हालांकि, उनका सफर यहीं खत्म हो गया है और गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल (722 रन) और साई सुदर्शन (710 रन) फाइनल मैच खेलेंगे। गिल और सुदर्शन के पास फाइनल में वैभव को पछाड़ने का मौका जरूर होगा, लेकिन अगर वे असफल रहते हैं, तो ऑरेंज कैप भी वैभव के सिर सजेगी।

5. मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP)

आईपीएल का ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ अवॉर्ड उस खिलाड़ी को दिया जाता है जिसका टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा इम्पैक्ट रहा हो। वैभव ने इस सीजन में कई मौकों पर अकेले दम पर राजस्थान रॉयल्स को जीत दिलाई है। एक पारी में 12 छक्के जड़ने से लेकर पावरप्ले में गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने तक, उन्होंने इस सीजन में जो इम्पैक्ट छोड़ा है, वह उन्हें MVP अवॉर्ड का सबसे तगड़ा दावेदार बनाता है।