IPL 2026 Records: आरसीबी ने लगातार दूसरी बार जीती आईपीएल ट्रॉफी, कोहली की सबसे तेज फिफ्टी और वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा क्रिस गेल का महारिकॉर्ड

IPL 2026 Records RCB Winner

IPL 2026 Records RCB Winner:इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का यह सीजन क्रिकेट इतिहास में रिकॉर्ड्स के सबसे बड़े तूफान के रूप में याद रखा जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने फाइनल मुकाबले में गुजरात को पटखनी देकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के साथ जहां कप्तान रजत पाटीदार ने महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के एलीट क्लब में एंट्री मार ली है, वहीं दिग्गज विराट कोहली और महज़ 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बल्लेबाजी में नए कीर्तिमान स्थापित कर दिए हैं।

इस पूरे सीजन में बल्लेबाजों ने मिलकर कुल 27,450 रन बनाए, जो आईपीएल के इतिहास में किसी भी एक सीजन में बने सबसे ज्यादा रन हैं।

1. बेंगलुरु सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतने वाली चौथी टीम

लगातार दो सीजन (2025 और 2026) चैंपियन बनने वाली आरसीबी आईपीएल इतिहास की सिर्फ तीसरी फ्रेंचाइजी बन गई है. इससे पहले केवल चेन्नई सुपर किंग्स (2010, 2011) और मुंबई इंडियंस (2019, 2020) ही बैक-टू-बैक खिताब जीत सके थे.

  • चौथा स्थान: आरसीबी अब सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतने के मामले में कोलकाता (3), मुंबई (5) और चेन्नई (5) के बाद चौथे स्थान पर आ गई है.
  • अहमदाबाद का लकी ग्राउंड: टीम ने अपनी ये दोनों ही ट्रॉफी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जीती हैं. इसके साथ ही वे मुंबई, चेन्नई और कोलकाता के बाद एक ही मैदान पर दो आईपीएल फाइनल जीतने वाली चौथी टीम बन गई हैं.

2. फाइनल में विराट कोहली का विराट धमाका

फाइनल मुकाबले में गुजरात के खिलाफ विराट कोहली ने महज 25 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की, जो उनके आईपीएल करियर की अब तक की सबसे तेज फिफ्टी है.

  • इससे पहले उन्होंने साल 2018 में 26 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था.
  • कोहली फाइनल मैच में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुने गए.
  • खास बात यह है कि कोहली ने आईपीएल फाइनल के मंच पर पूरे 10 साल बाद फिफ्टी लगाई है, इससे पहले उन्होंने 2015 में हैदराबाद के खिलाफ फाइनल में अर्धशतक लगाया था, हालांकि तब बेंगलुरु को हार का सामना करना पड़ा था.

3. कप्तान रजत पाटीदार की ऐतिहासिक कप्तानी

रजत पाटीदार ने अपनी चतुर कप्तानी से आरसीबी को लगातार दूसरा आईपीएल टाइटल जिताया है. वे आईपीएल इतिहास में लगातार दो ट्रॉफी जीतने वाले तीसरे कप्तान बन गए हैं. उन्होंने एमएस धोनी (2010, 2011) और रोहित शर्मा (2019, 2020) के जादुई कप्तानी रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.

4. वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा क्रिस गेल का 14 साल पुराना रिकॉर्ड

इस सीजन की सबसे बड़ी सनसनी राजस्थान के 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का दिग्गज क्रिस गेल का 14 साल पुराना रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया.

  • छक्कों का नया किंग: वैभव ने इस सीजन में कुल 72 छक्के उड़ाए, जबकि गेल ने साल 2012 में बेंगलुरु के लिए खेलते हुए 59 छक्के लगाए थे.
  • सबसे युवा ऑरेंज कैप विनर: इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में ‘ऑरेंज कैप’ जीतने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं.

सीजन 2026 का बाउंड्री रिकॉर्ड: आईपीएल 2026 में कुल 1,426 छक्के लगे हैं, जो एक सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स का रिकॉर्ड है. पिछले साल 2025 में 1,294 छक्के लगे थे. इसके साथ ही इस सीजन में कुल 2,332 चौके भी लगे, जबकि पिछले सीजन में यह संख्या 2,245 थी.