RCB vs GT IPL 2026 Final Match Ups:अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का ग्रैंड फिनाले आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जाना है। यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच की जंग नहीं है, बल्कि मैदान के अंदर कई दिग्गज खिलाड़ियों के बीच होने वाले व्यक्तिगत महामुकाबलों (Match-Ups) की भी कहानी है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इस हाई-वोल्टेज मैच में कुछ खास ‘प्लेयर बैटल्स’ (Player Battles) ऐसे हैं, जो मैच का पासा पलट सकते हैं और यह तय करेंगे कि इस साल आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी किस टीम के हाथ लगेगी।
आइए नजर डालते हैं फाइनल मैच के उन 4 सबसे बड़े ‘मैच-अप्स’ पर, जिन पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी होंगी:
1. विराट कोहली बनाम कगिसो रबाडा (Virat Kohli vs Kagiso Rabada)
यह इस फाइनल का सबसे रोमांचक और किंग साइज मुकाबला होने वाला है। आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस सीजन में बेहतरीन फॉर्म में हैं, लेकिन पावरप्ले और डेथ ओवरों में उनका सामना गुजरात के सबसे घातक तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा से होगा। रबाडा इस समय 28 विकेटों के साथ पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। आईपीएल इतिहास में रबाडा ने कई बार कोहली को परेशान किया है। अगर रबाडा शुरुआत में ही कोहली का विकेट चटका देते हैं, तो गुजरात मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर लेगी।
2. शुभमन गिल बनाम भुवनेश्वर कुमार (Shubman Gill vs Bhuvneshwar Kumar)
गुजरात टाइटंस के कप्तान और स्टार ओपनर शुभमन गिल (722 रन) इस समय शानदार फॉर्म में हैं और ऑरेंज कैप की रेस में बने हुए हैं। लेकिन फाइनल में उनके सामने होंगे आरसीबी के स्विंग सुल्तान भुवनेश्वर कुमार। भुवी नई गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की अपनी कला के लिए जाने जाते हैं। शुभमन गिल के खिलाफ भुवनेश्वर कुमार का पिछला रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है, जहां उन्होंने गिल को रन बनाने के लिए काफी संघर्ष कराया है। इन दोनों की पावरप्ले की जंग देखने लायक होगी।
3. रजत पाटीदार बनाम राशिद खान (Rajat Patidar vs Rashid Khan)
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार मिडिल ओवरों में स्पिनर्स के खिलाफ बेहद आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने इस सीजन में स्पिन गेंदबाजों की जमकर धुनाई की है। लेकिन मिडल ओवर्स में उनका सामना दुनिया के सबसे मिस्टीरियस लेग स्पिनर राशिद खान से होगा। राशिद खान अपनी क्विक गुगली से किसी भी बल्लेबाज को चकमा देने की क्षमता रखते हैं। पाटीदार का राशिद के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाना या संभलकर खेलना, इस मैच का रुख तय करेगा।
4. साई सुदर्शन बनाम क्रुणाल पंड्या (Sai Sudharsan vs Krunal Pandya)
गुजरात टाइटंस के युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन (710 रन) इस सीजन के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। वह एंकर रोल निभाने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर बड़े शॉट्स लगाने में माहिर हैं। मिडल ओवर्स में उनके रन रेट पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी आरसीबी के अनुभवी खब्बू स्पिनर क्रुणाल पंड्या पर होगी। क्रुणाल अपनी कसी हुई लाइन और लेंथ से खब्बू बल्लेबाजों को बांधकर रखने में माहिर हैं, जिससे यह मुकाबला भी बेहद रणनीतिक होने वाला है।
