भारतीय क्रिकेट टीम: वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 11 गेंदों में जड़ा अर्धशतक, 20 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटा

भारत-ए के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज फाइनल में सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर 20 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने 29 गेंदों में 94 रन बनाए।

भारत ए के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका ए के खिलाफ खेली जा रही ट्राई सीरीज के फाइनल में 50 ओवर क्रिकेट का नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। वैभव ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन बनाए और अपनी पारी के दौरान विपक्षी गेंदबाजों पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा।

इससे पहले 50 ओवर क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड श्रीलंका के कौशल्य वीरात्ने के नाम था। उन्होंने साल 2006 में रागामा क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हुए 12 गेंदों में फिफ्टी पूरी की थी। वैभव ने एक गेंद कम खेलकर यह उपलब्धि हासिल कर इतिहास रच दिया। 50 ओवर क्रिकेट में लिस्ट ए और वनडे इंटरनेशनल (ODI) दोनों मुकाबले शामिल होते हैं और हर वनडे मैच भी लिस्ट ए क्रिकेट का हिस्सा माना जाता है।

वैभव की पारी बेहद आक्रामक रही। उन्होंने 29 गेंदों पर 94 रन बनाए। जिसमें 10 चौके और 8 शानदार छक्के शामिल थे। हालांकि, वह शतक से सिर्फ छह रन दूर रह गए। श्रीलंका ए के कप्तान सहान अरच्चिगे ने उनकी पारी का अंत किया। अरच्चिगे की फ्लाइटेड गेंद पर वैभव ने मिड ऑफ के ऊपर से बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन गेंद बल्ले पर सही तरीके से नहीं आई और विजयकांत वियासकांत ने आसान कैच लपक लिया।

वैभव के आउट होने के बाद भी भारत ए की  मजबूती बरकरार रही। 19 ओवर की समाप्ति तक टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 179 रन बना लिए थे। उस समय तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर मौजूद थे और टीम की पारी को आगे बढ़ा रहे थे।