राजधानी में मूसलाधार बारिश से जलभराव, NH-48 पर जाम; 15 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली। दिल्ली-NCR में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। एम्स फ्लाईओवर, कनॉट प्लेस, ITO और आरके पुरम समेत कई जगहों पर 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। मौसम विभाग ने दिल्ली में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।

NH-48 पर लंबा जाम, एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली को गुरुग्राम से जोड़ने वाले NH-48 पर महिपालपुर के पास बारिश के बाद लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक और फ्लाइट की स्थिति जांचने की सलाह दी। सोमवार को खराब मौसम के चलते करीब 390 फ्लाइट्स लेट हुईं, जबकि 15 उड़ानों को डायवर्ट और 26 को कैंसिल करना पड़ा।

गुरुग्राम में स्कूल-दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम

गुरुग्राम में भी बारिश के बाद कई इलाकों में करीब 3 फीट तक पानी भर गया। हालात को देखते हुए मंगलवार को सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया। सोमवार को जलभराव के कारण कई स्कूल बसें पानी में फंस गई थीं।

यूपी और एमपी में भी बारिश से हाल बेहाल

उत्तर प्रदेश के अयोध्या समेत करीब 15 शहरों में तेज बारिश जारी है। वाराणसी में सोमवार रात 8 बजे से बारिश हो रही है और स्कूल बंद कर दिए गए हैं। बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत की खबर है। मथुरा में सड़कें और रिहायशी इलाके जलमग्न हैं।

मध्य प्रदेश में भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। विदिशा के बाजारों में पानी भर गया, जबकि भोपाल में ट्रैफिक प्रभावित रहा। प्रदेश में अब तक 28.75 इंच बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने 27 अगस्त तक 15 राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड और केरल समेत कई राज्य शामिल हैं।