KFC आउटलेट किया गया सील: बदबूदार चिकन की शिकायत के बाद फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई

मंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु में एक ग्राहक की शिकायत के बाद फूड सेफ्टी विभाग ने KFC के एक आउटलेट को सील कर दिया। ग्राहक ने आरोप लगाया था कि उसे ऑनलाइन ऑर्डर में बासी और बदबूदार चिकन परोसा गया। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने तत्काल रेस्टोरेंट पहुंचकर जांच शुरू की और किचन से लेकर स्टोर रूम तक का निरीक्षण किया।

जानकारी के मुताबिक, ग्राहक ने ऑनलाइन चिकन पेरी-पेरी लेग्स का ऑर्डर दिया था। डिलीवरी मिलने के बाद उसने पाया कि चिकन से दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद उसने फूड सेफ्टी विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर अधिकारियों की टीम ने आउटलेट पर छापा मारकर किचन, कोल्ड स्टोरेज, डीप फ्रीजर और फ्राइड चिकन स्टॉक की जांच की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आउटलेट के गोदाम को सील कर दिया। साथ ही चिकन के सैंपल लेकर उन्हें प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि सैंपल जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित संस्थान के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

यह कार्रवाई केवल एक आउटलेट तक सीमित नहीं है। कर्नाटक में इन दिनों खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है। मैसूर के कई होटलों और रेस्टोरेंट में भी छापेमारी की गई है। इस दौरान एक होटल से 9 किलो एक्सपायर्ड चिकन, दूसरे होटल से 68 किलो मीट और एक अन्य होटल से 4 किलो मशरूम जब्त किए गए।

इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग ने कई रिसॉर्ट्स का निरीक्षण कर नोटिस जारी किए हैं। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री भी बरामद हुई, जिसे बाद में नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।