राम मंदिर चंदा चोरी पर अखिलेश का BJP पर हमला: VIDEO शेयर कर बोले- राम जी से गद्दारी का पैसा नहीं चाहिए

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर राम मंदिर चंदा मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। सपा प्रमुख की इस पोस्ट के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी बहस तेज हो गई है।

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘राम जी से गद्दारी का पैसा, धर्म और दान-पुण्य के कोष का पैसा, बीजेपी के पापों का पैसा, नहीं चाहिए-नहीं चाहिए।’ उनके द्वारा साझा किए गए वीडियो में कुछ लोग चंदा देते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि बाद में एक व्यक्ति उस चंदे की रकम लेकर भागता हुआ नजर आता है।

यह पहला मौका नहीं है, जब सपा प्रमुख ने राम मंदिर चंदा मामले को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला हो। इससे पहले भी वह कई बार इस मुद्दे को उठाकर भाजपा को घेर चुके हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सियासी दल धार्मिक और जनभावनाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं।

शनिवार को भी अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा था कि भाजपा और आजादी एक-दूसरे के विलोम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी स्वतंत्रता दिवस की बजाय विभाजन विभीषिका दिवस मना रहे थे।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा ने स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान दिया हो या नहीं, लेकिन विभाजन की राजनीति को बढ़ावा देने में उसकी भूमिका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी से पहले भी भाजपा की विचारधारा का लक्ष्य समाज को बांटना था और आज भी यही स्थिति बनी हुई है।

इसके साथ ही अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी चुनाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव अब ज्यादा दूर नहीं हैं, इसलिए सभी नेताओं को सोच-समझकर बयान देना चाहिए और संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।