सावन में शिवमय हुआ रायपुर, CM साय कांवड़ यात्रा में हुए शामिल; हटकेश्वरनाथ महादेव का किया जलाभिषेक

रायपुर। पवित्र श्रावण मास में राजधानी रायपुर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में डूबी नजर आई। गुढ़ियारी के मारुति मंगलम परिसर से निकली भव्य कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए।

उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें सावन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष अवसर है। कांवड़ यात्रा आस्था, समर्पण और भक्ति की अनूठी अभिव्यक्ति है।

हजारों शिवभक्त पवित्र जल लेकर पैदल भगवान भोलेनाथ के अभिषेक के लिए निकलते हैं। उन्होंने कहा कि गुढ़ियारी से कांवड़िए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। शिवभक्तों के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का उत्सव भी है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी जड़ों और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्राचीन शिवधाम और शक्तिपीठ हमारी समृद्ध धार्मिक विरासत के प्रतीक हैं।

साय ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के विकास के साथ श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर भी काम कर रही है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे समेत जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने भगवान महादेव से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।