मर्सिडीज वर्कशॉप में भीषण आग, 8 कारें जलकर खाक

जयपुर। जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात मर्सिडीज कंपनी के वर्कशॉप में भीषण आग लग गई। सीतापुरा स्थित बालाजी मार्केट में बने वर्कशॉप में आग इतनी तेजी से फैली कि वहां खड़ी करीब 8 कारें, एसेसरीज और महंगे पार्ट्स जलकर खाक हो गए। हादसे के दौरान वर्कशॉप में 50 से ज्यादा नई और पुरानी कारें मौजूद थीं। आग का धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था।

आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग को आसपास के इलाकों में फैलने से रोकने के लिए वर्कशॉप और आसपास के क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कराई गई। दमकल की करीब 10 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया।

2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

आग इतनी भीषण थी कि दमकलकर्मियों को कई बार वर्कशॉप के आसपास चक्कर लगाकर पानी डालना पड़ा। करीब 10 दमकलों ने दो दर्जन से अधिक फेरे लगाए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

फायर ऑफिसर उषा शर्मा ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए करीब 10 दमकलों को लगाया गया था। आग बुझाने के दौरान टीमों ने यह भी सुनिश्चित किया कि लपटें आसपास की दुकानों और अन्य वाहनों तक न पहुंचें।

50 से ज्यादा कारें थीं, कई को सुरक्षित निकाला

हादसे के वक्त वर्कशॉप में 50 से ज्यादा कारें खड़ी थीं। आग फैलने की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकलकर्मियों ने वर्कशॉप में मौजूद कई कारों को बाहर निकाल लिया। इससे आग की चपेट में आने वाले वाहनों की संख्या कम रही। हालांकि, करीब 8 कारें आग में जल गईं। इसके अलावा वर्कशॉप में रखा कार एक्सेसरीज का सामान और महंगे पार्ट्स भी जलकर खराब हो गए।

सांगानेर सदर थाना अधिकारी कमलेश शर्मा ने बताया कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं।