दिल्ली। नई दिल्ली में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप की घटना के बाद लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन (LSR) ने मंगलवार दोपहर से ऑफलाइन कक्षाएं बंद कर दीं। कॉलेज प्रशासन ने पढ़ाई ऑनलाइन कराने का फैसला लिया है। यह निर्णय कॉलेज के पिछले गेट के पास पुलिस की कार्रवाई के बाद लिया गया। पुलिस ने गैंगरेप मामले के एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश की थी। इस दौरान कॉलेज गेट से करीब 50 मीटर दूर पुलिस एनकाउंटर हुआ।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि छात्रों की सुरक्षा और उनके मानसिक-सामाजिक कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी वजह से फिलहाल फिजिकल क्लास रोककर ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की गई है। छात्रों की सहायता के लिए फैकल्टी मेंटर्स और काउंसलर्स को उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं।
21 सितंबर को नाबालिग से गैंगरेप का आरोप
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर की शाम 17 साल की लड़की अपने एक पुरुष दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। इसके बाद दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचे। आरोप है कि वहां तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को रोका।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लड़की को उसके दोस्त से अलग कर सुनसान जगह पर ले गए। वहां उसके साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। आरोपियों ने लड़की और उसके दोस्त को धमकाया भी।
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कॉलेज के पास आरोपी को पकड़ने पहुंची थी पुलिस
मंगलवार को पुलिस गैंगरेप मामले के एक आरोपी को पकड़ने के लिए LSR कॉलेज के पिछले गेट के पास पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई। यह कार्रवाई कॉलेज गेट से करीब 50 मीटर की दूरी पर हुई।
घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने तत्काल ऑफलाइन कक्षाएं बंद करने का निर्णय लिया। फिलहाल छात्रों को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाया जा रहा है। कॉलेज ने कहा है कि स्थिति को देखते हुए छात्रों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
