गोविंदा बोले- हम हिंदू हैं, हमारे यहां तलाक शब्द नहीं: सुनीता की अर्जी पर दिया रिएक्शन

दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर गोविंदा पत्नी सुनीता आहूजा के साथ रिश्तों को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। सुनीता की तलाक की अर्जी वापस लेने से जुड़े सवाल पर गोविंदा ने कहा, “हम हिंदू आदमी हैं और हमारे यहां तलाक शब्द नहीं है।” उन्होंने अपने रिश्ते और निजी जिंदगी से जुड़े सवालों पर खुलकर कुछ कहने के बजाय इशारों में जवाब दिए।

ABP न्यूज को दिए इंटरव्यू में गोविंदा से सुनीता के आरोपों और तलाक की अर्जी को लेकर सवाल किए गए। जब उनसे पूछा गया कि अर्जी वापस लेने के पीछे कोई दबाव था या आपसी सहमति, तो उन्होंने सीधे तौर पर पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं की।

गोविंदा ने कहा कि वह किसी को सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा नहीं करना चाहते। उनके मुताबिक, जिंदगी में कई बार ऐसी परिस्थितियां आती हैं, जिनमें धैर्य रखना जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि वह अपनी निजी जिंदगी के हर पहलू का खुलासा नहीं करेंगे, क्योंकि इससे किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है।

अफेयर्स की चर्चा पर बोले- सिर्फ हेलो-हाय हुई

सुनीता की ओर से लगाए जा रहे आरोपों और दूसरी अभिनेत्रियों के साथ नाम जुड़ने की चर्चाओं पर भी गोविंदा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके सामने मिस यूनिवर्स जैसी अभिनेत्रियां आईं, लेकिन उनसे बातचीत हेलो-हाय तक ही सीमित रही।

अभिनेता ने कहा कि उनके नाम के साथ बदनामी भी लंबे समय से जुड़ी रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी को जवाब देने के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहते।

बोले- कड़वाहट से मिठास नहीं आएगी

गोविंदा ने कहा, “कड़वाहट से कभी मिठास नहीं आएगी।” उन्होंने पत्नी सुनीता को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया और अपनी सफलता के लिए मां के आशीर्वाद का जिक्र किया।

गोविंदा और सुनीता के रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अभिनेता की यह प्रतिक्रिया सामने आई है। हालांकि, तलाक की अर्जी वापस लेने की परिस्थितियों पर उन्होंने विस्तार से जानकारी नहीं दी।