मुंबई एयरपोर्ट का घटेगा दबाव, नवी मुंबई से 12 इंटरनेशनल फ्लाइट्स उड़ेंगी

दिल्ली। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों का दबाव कम करने के लिए इंडिगो ने बड़ा फैसला लिया है।

एयरलाइन फरवरी 2027 से अपनी 12 रोजाना अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को चरणबद्ध तरीके से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शिफ्ट करेगी। इस बदलाव से करीब 30 लाख यात्रियों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने की योजना है।

अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) और इंडिगो मिलकर यात्रियों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी देने की तैयारी कर रहे हैं। योजना के तहत उड़ानों को एक साथ शिफ्ट करने के बजाय धीरे-धीरे स्थानांतरित किया जाएगा।

इन देशों के लिए मिलेगी उड़ान सुविधा

इंडिगो की योजना के मुताबिक, मुंबई से बहरीन, रियाद, दम्माम, जेद्दा, मदीना, कुवैत, रास अल खैमाह, फुजैराह, मस्कट, ढाका और जकार्ता जाने वाली मौजूदा उड़ानें नवी मुंबई एयरपोर्ट से संचालित की जाएंगी। इसके अलावा काठमांडू के लिए रोजाना एक नई उड़ान शुरू करने की भी तैयारी है।

पुराने एयरपोर्ट पर कम होगा दबाव

नवी मुंबई एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने से मुंबई के पुराने एयरपोर्ट पर स्लॉट उपलब्ध हो सकेंगे। इनका इस्तेमाल नई उड़ानें शुरू करने और मौजूदा सेवाओं का विस्तार करने में किया जा सकेगा।

योजना के पहले चरण में स्थानांतरित होने वाले यात्रियों की कुल संख्या का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा कवर करने का लक्ष्य है। एयरपोर्ट प्रबंधन और इंडिगो का फोकस यात्रियों को दोनों तरह की उड़ानों के बीच आसान कनेक्शन उपलब्ध कराने पर है। इससे मुंबई महानगर क्षेत्र में हवाई यात्रा की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।