नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर सियासी विवाद बढ़ गया है। भाजपा ने सोमवार को इसके विरोध में देशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया। वहीं, पटना में खड़गे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। भाजपा कार्यकर्ता कृष्ण कुमार सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने की मांग की है।
खड़गे ने रविवार को पटना में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान कहा था, ‘मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा।’ बताया गया कि कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा था कि प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे। इसी के जवाब में खड़गे ने यह टिप्पणी की। उन्होंने यह बात तीन बार दोहराई। इसके बाद कार्यक्रम में उस व्यक्ति की पिटाई कर दी गई।
कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा- खड़गे मेरी बात नहीं समझे
जिस व्यक्ति की पिटाई हुई, उसकी पहचान संतोष के रूप में हुई है। बताया गया कि वह कांग्रेस का ही कार्यकर्ता है। कार्यक्रम के दौरान विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे बचाया और बाहर ले गए।
संतोष ने मीडिया से कहा कि खड़गे उनकी बात समझ नहीं पाए। उनका कहना था कि उन्होंने शांत बैठने से मोदी के नहीं जाने की बात कही थी। संतोष के मुताबिक, विपक्ष के नेताओं को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
भाजपा ने कहा- कांग्रेस अध्यक्ष की भाषा आपत्तिजनक
भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर खड़गे के बयान का वीडियो साझा कर कांग्रेस पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष की भाषा राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है और उनकी टिप्पणी से विवाद पैदा हुआ है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा नेताओं का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को बोलते समय मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
बयान पर कांग्रेस नेताओं ने किया बचाव
दूसरी ओर, कांग्रेस के कई नेताओं ने खड़गे के बयान पर सफाई देते हुए उनका बचाव किया है। उनका कहना है कि बयान को संदर्भ से अलग करके पेश किया जा रहा है। इस विवाद के बीच भाजपा के प्रदर्शन और पटना में दर्ज शिकायत पर आगे की कार्रवाई पर नजर है।
बिहार में इससे पहले अगस्त 2025 में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर कथित अपशब्द कहे जाने पर भी राजनीतिक विवाद हुआ था। अब खड़गे के बयान ने एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस के बीच टकराव बढ़ा दिया है।
