सीएम योगी बोले- सपा ने 10 लाख गुंडे पाले, भाजपा ने 10 लाख नौकरियां दीं

गोरखपुर में अखिलेश यादव की पार्टी पर साधा निशाना, बोले- सपाई कुत्ते की पूंछ की तरह कभी सीधे नहीं हो सकते; 1663 करोड़ की 88 परियोजनाओं की सौगात दी

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर के चौरीचौरा में जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की चार सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश में 10 लाख गुंडे पाले गए थे, जबकि भाजपा सरकार ने 10 साल में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। योगी ने तंज कसते हुए कहा- सपाई कुत्ते की पूंछ की तरह हैं, कभी सीधे नहीं हो सकते। उन्होंने सपा पर माफिया, गुंडागर्दी और जमीनों पर कब्जे को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।

मुख्यमंत्री चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के भोपा बाजार में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने चौरीचौरा शहीद स्मारक पर पहुंचकर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने 1663 करोड़ रुपए की लागत वाली 88 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, सांसद रविकिशन और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी मौजूद रहे।

सपा सरकार में 1500 दंगे होने का आरोप

सीएम योगी ने कहा कि सपा की चार बार सरकार रही और इन कार्यकालों में प्रदेश में 1500 दंगे हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में अपराधियों और माफियाओं का बोलबाला था। बेटियां स्कूल जाने से डरती थीं और व्यापारी सुरक्षित होकर कारोबार नहीं कर पाते थे। त्योहारों से पहले दंगे और उपद्रव होते थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने माफिया के खिलाफ कार्रवाई की और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदली है। अब किसी गरीब की जमीन पर कब्जा करने, युवाओं के साथ अन्याय करने या बेटियों से दुर्व्यवहार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

नेहरू पर क्रांतिकारियों की पैरवी नहीं करने का आरोप

मुख्यमंत्री ने चौरीचौरा कांड का जिक्र करते हुए कांग्रेस और पंडित जवाहरलाल नेहरू पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 4 फरवरी 1922 को चौरीचौरा की घटना के बाद अंग्रेजों ने 172 क्रांतिकारियों को फांसी की सजा सुनाई थी।

उस समय पंडित जवाहरलाल नेहरू उनकी पैरवी करने नहीं पहुंचे थे। क्रांतिकारियों की ओर से पंडित मदन मोहन मालवीय ने अदालत में पैरवी की थी। योगी के मुताबिक, उनकी पैरवी से 151 क्रांतिकारियों को फांसी से बचाया जा सका। उन्होंने आरोप लगाया कि चौरीचौरा की घटना के बाद कांग्रेस ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था, जबकि क्रांतिकारियों का संघर्ष जारी रहा।

गोरखपुर में जलभराव खत्म करने का दावा

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले गोरखपुर में जलभराव, गंदगी और मच्छरों की समस्या थी। इंसेफ्लाइटिस और जलजनित बीमारियों से बच्चों की मौतें होती थीं। अब गोड़धोइया नाले के निर्माण से जलनिकासी की समस्या का समाधान किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में करीब 500 करोड़ रुपए की लागत से 7.75 किलोमीटर लंबा आरसीसी नाला बनाया गया है। इसके साथ 17.5 किलोमीटर सीवर लाइन, एसटीपी, पंपिंग स्टेशन और 14 पुल-पुलियों का लोकार्पण किया गया। दूसरे चरण में 794 करोड़ रुपए से 342 किलोमीटर सीवर लाइन और 43 हजार सीवर कनेक्शन बनाए जाएंगे। इससे करीब तीन लाख लोगों को फायदा मिलेगा।

बारिश से फसल नुकसान पर किसानों को पैकेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद प्रभावित किसानों को विशेष पैकेज देकर भरपाई की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गरीब बस्तियों में मिठाई बांटने और मंदिरों व शहीद स्मारकों पर दीप जलाकर दीपावली मनाने की अपील भी की।