स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Vivo जल्द ही अपनी नई S70 सीरीज बाजार में उतार सकती है। इसे कंपनी की मौजूदा Vivo S60 सीरीज के अपग्रेडेड वर्जन के तौर पर पेश किया जाएगा। लॉन्च से पहले इस सीरीज के स्टैंडर्ड मॉडल Vivo S70 के स्पेसिफिकेशंस लीक हो गए हैं। सामने आई जानकारी के मुताबिक, फोन में Snapdragon 8 सीरीज का प्रोसेसर, OLED डिस्प्ले और दमदार कैमरा सेटअप देखने को मिल सकता है।
Vivo S70 में मिल सकता है 1.5K OLED डिस्प्ले
टिप्स्टर Digital Chat Station के अनुसार, Vivo S70 में 6.59 इंच का फ्लैट OLED डिस्प्ले दिया जा सकता है। इसमें LTPS टेक्नोलॉजी और 1.5K रिजॉल्यूशन मिलने की संभावना है। फोन के प्रोसेसर की बात करें तो इसमें Qualcomm Snapdragon 8s Gen 4 चिपसेट दिया जा सकता है। इससे फोन की परफॉर्मेंस और मल्टीटास्किंग बेहतर होने की उम्मीद है।
64MP पेरिस्कोप कैमरा करेगा आकर्षित
Vivo S70 का कैमरा सेटअप इसकी प्रमुख खासियतों में शामिल हो सकता है। लीक रिपोर्ट के मुताबिक, फोन के रियर में ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। इसमें 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड सेंसर और 64 मेगापिक्सल का Sony LYT-610 पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिलने की संभावना है। वहीं ,सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 50 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है।
खास बात यह है कि इस स्मार्टफोन के साथ टेलीकन्वर्टर एक्सेसरी भी देखने को मिल सकती है। इससे यूजर्स को फोटोग्राफी और जूमिंग का बेहतर अनुभव मिल सकता है।
8000mAh की बैटरी और 90W फास्ट चार्जिंग
बैटरी के मामले में भी Vivo S70 काफी दमदार हो सकता है। लीक जानकारी के अनुसार, कंपनी इसमें 8000mAh की बड़ी बैटरी दे सकती है। इसके साथ 90W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलने की भी उम्मीद है। अगर ये फीचर्स लॉन्च के समय मिलते हैं तो फोन बैटरी और चार्जिंग के मामले में खास आकर्षण बन सकता है।
नवंबर में हो सकता है लॉन्च
Vivo S70 के लॉन्च को लेकर फिलहाल नवंबर 2026 की चर्चा है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी लॉन्च डेट और फीचर्स को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। फिलहाल फोन से जुड़ी सभी जानकारियां लीक और टिप्स्टर के दावों पर आधारित हैं। ऐसे में इसकी वास्तविक कीमत, उपलब्धता और फाइनल स्पेसिफिकेशंस के लिए आधिकारिक लॉन्च का इंतजार करना होगा।
