राज्य अलंकरण समारोह में 41 पुरस्कारों से सम्मानित होंगी प्रदेश की प्रतिभाएं; पद्मश्री उषा बारले की पंडवानी और शिल्पग्राम में 10 सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
रायपुर। नवा रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का समापन 3 नवंबर को होगा। समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अध्यक्षता करेंगे। इस मौके पर राज्य अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
राज्योत्सव की अंतिम शाम लोककला और बॉलीवुड संगीत के नाम रहेगी। मुख्य मंच पर पद्मश्री पंडवानी गायिका उषा बारले प्रस्तुति देंगी, जबकि रात 9 बजे प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपने लोकप्रिय गीतों से समां बांधेंगे।
शाम 7 बजे से राज्य अलंकरण समारोह
मुख्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत शाम 6 बजे दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकारों की लोकसंगीत प्रस्तुति से होगी। शाम 6.30 बजे पद्मश्री उषा बारले पंडवानी प्रस्तुत करेंगी। इसके बाद शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह आयोजित होगा। समारोह के बाद अभिजीत भट्टाचार्य की संगीतमय प्रस्तुति होगी।
शिल्पग्राम में लोकनृत्य से कथक तक 10 कार्यक्रम
राज्योत्सव के अंतिम दिन शिल्पग्राम में दोपहर 3 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। यहां कुल 10 प्रस्तुतियां होंगी। इनमें पंथी नृत्य, आदिवासी लोकसंगीत, कथक, भजन, सूफी संगीत और नाट्य प्रस्तुतियां शामिल हैं।
रायपुर की आस्था भट्ट भजन गायन करेंगी, दुर्ग की आरती बारले पंथी नृत्य प्रस्तुत करेंगी। अभिषेक सोनकर आदिवासी लोकसंगीत और नृत्य की प्रस्तुति देंगे। दीपाली पाण्डेय और अनुष्णा रॉय चौधरी कथक प्रस्तुत करेंगी। वहीं वृद्धुमन वचस्पति भारती सूफी संगीत और आनंदकुमार पाण्डेय नाट्य प्रस्तुति देंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्योत्सव स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर के मंच से जोड़ने और छत्तीसगढ़ की लोककलाओं को नई पहचान दिलाने का माध्यम है। तीन दिनों में शिल्पग्राम में कुल 30 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं।
