दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार, 2 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिली।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 1,000 अंक उछलकर 75,400 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी भी 250 अंक से ज्यादा की बढ़त के साथ 23,300 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
बाजार में ऑटो, मेटल और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी रही। दिग्गज कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजों और विदेशी निवेशकों की वापसी से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
बाजार में तेजी की 3 बड़ी वजहें
1. विदेशी निवेशकों की खरीदारी: लंबे समय तक बिकवाली करने वाले विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने एक बार फिर बाजार में पैसा लगाया है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने बीते 7 कारोबारी दिनों में 7,767 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की खरीदारी से भी बाजार को समर्थन मिला।
2. कंपनियों के शानदार तिमाही नतीजे: सितंबर तिमाही में कई बड़ी कंपनियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मुनाफा 34% बढ़कर 29,550 करोड़ रुपए पहुंच गया। इसके बाद कंपनी के शेयर में 4% से ज्यादा की तेजी रही। टाटा स्टील, NTPC, मारुति और SBI के शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली।
3. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट: अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड करीब 3% गिरकर 110 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है। ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई और कंपनियों की लागत को लेकर चिंताएं कुछ कम हुई हैं।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.90% और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 0.28% चढ़ा, जबकि जापान का निक्केई 0.31% गिरावट में रहा। इससे पहले अमेरिकी बाजारों में भी गिरावट दर्ज की गई थी।
