रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली, 4000 पुलिसकर्मी तैनात; 50 हजार लोगों के जुटने का अनुमान

SIR में कथित गड़बड़ी और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक का प्रदर्शन; दोपहर 12 बजे मिंटो रोड से निकलेगा मार्च

दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक की महारैली के लिए प्रदर्शनकारियों की भीड़ जुटने लगी है। सुबह 5:30 बजे से ही कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के कार्यकर्ता और समर्थक मैदान पहुंचने लगे।

सुबह 10 बजे तक रामलीला मैदान लोगों से भरने लगा था। दिल्ली पुलिस ने रैली में करीब 50 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान जताया है। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए 4000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

यह महारैली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों और चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं के विरोध में आयोजित की जा रही है। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहा है। रैली का नारा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रखा गया है।

मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च

कार्यक्रम के तहत दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से पैदल मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगा। इसके बाद मंच से विपक्ष के वरिष्ठ नेता सभा को संबोधित करेंगे। रैली में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, ममता बनर्जी और अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

14 जोन में बांटा गया सुरक्षा घेरा

दिल्ली पुलिस ने पूरे आयोजन स्थल को 14 जोन में बांटा है। 200 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। पुलिस के मुताबिक, मार्च के रूट पर भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं।

रविवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। वहीं, भाजपा प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने इस आयोजन को कांग्रेस का पीआर स्टंट बताया है। दूसरी ओर, TMC सांसद सागरिका घोष ने कहा कि रैली की आवाज संसद तक पहुंचनी चाहिए और शीतकालीन सत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की संसदीय प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए।