पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में भाजपा के दीपावली मिलन समारोह के दौरान पार्टी के भीतर की नाराजगी खुलकर सामने आ गई। मंच पर जगह नहीं मिलने और स्वागत सूची में उपेक्षा से नाराज स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। कई नेता मंच से दूरी बनाकर खड़े रहे। मामला बढ़ता देख जिले के प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल और मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची ने मंच से कार्यकर्ताओं को मनाया और व्यवस्था में हुई चूक के लिए माफी मांगी।
कार्यक्रम पेंड्रा के इंदिरा उद्यान में आयोजित किया गया था। इसमें पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची, भाजपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव समेत जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
किसान मोर्चा के नेता ने मंत्री को दिया जवाब
समारोह के दौरान कुछ नेताओं ने मंच पर उचित स्थान नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। इस पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि पद आते-जाते रहते हैं और हर किसी को मंच पर जगह नहीं मिल पाती। उन्होंने प्रदेश किसान मोर्चा के नेता बृजलाल राठौर का जिक्र किया तो राठौर ने जवाब दिया कि उनके साथ ऐसा अक्सर जानबूझकर किया जाता है।
इसके बाद मंत्री ने कहा कि भाजपा एक परिवार है। ऐसे आयोजनों का मकसद आपसी गिले-शिकवे दूर करना और मिल-जुलकर आगे बढ़ना है।
पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप
कुछ स्थानीय नेताओं ने नाम नहीं छापने की शर्त पर संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि वरिष्ठ नेताओं और पुराने कार्यकर्ताओं को पर्याप्त सम्मान नहीं मिल रहा है। कुछ लोग संगठन में मनमानी कर रहे हैं। इसकी शिकायत वरिष्ठ नेतृत्व से करने की बात भी कही गई।
मंत्री-विधायक ने मांगी माफी
बढ़ते असंतोष को देखते हुए मंत्री और विधायक ने कार्यकर्ताओं से माफी मांगी। मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं और उनका सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने जिलाध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों से ऐसे मिलन समारोह नियमित आयोजित करने की अपील की। समझाइश के बाद माहौल शांत हुआ, लेकिन इस घटनाक्रम से जिले में भाजपा की अंदरूनी खींचतान चर्चा में आ गई।
देखे VIDEO
