नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक अब देश की सांस्कृतिक विरासत के नए केंद्र के रूप में विकसित होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने इन भवनों में ‘युगे युगीन भारत म्यूजियम’ विकसित करने की मंजूरी दे दी है। करीब 3,230 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना के पूरा होने पर यहां दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम डिस्प्ले एरिया तैयार होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले की सराहना करते हुए इसे भारत की सभ्यतागत यात्रा और सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि कभी देश के शासन-प्रशासन का केंद्र रहे ये भवन अब भारत की हजारों साल पुरानी सभ्यता, ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक समृद्धि के साक्षी बनेंगे।
प्रस्तावित संग्रहालय में प्राचीन ज्ञान प्रणालियों, गणित, खगोल विज्ञान, वास्तुकला, कला, भाषाओं और आध्यात्मिक परंपराओं को आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। करीब 1,78,509 वर्ग मीटर निर्मित क्षेत्र में विकसित होने वाले इस म्यूजियम में आधुनिक प्रदर्शनी दीर्घाओं, संग्रह संरक्षण केंद्रों, आगंतुक सुविधाओं और इमर्सिव तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। परियोजना में नॉर्थ और साउथ ब्लॉक की ऐतिहासिक वास्तुकला और विरासत को सुरक्षित रखते हुए इनका नए रूप में उपयोग किया जाएगा।
संग्रहालय में भारत की सभ्यतागत यात्रा, विविध सांस्कृतिक परंपराओं, कलाओं और ज्ञान प्रणालियों को विषयवार दीर्घाओं के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा। सरकार की योजना इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के संग्रहालय के रूप में विकसित करने की है, जहां देश-विदेश से आने वाले लोग भारत की समृद्ध विरासत को करीब से देख और समझ सकेंगे।
