करीना के हार में लिखी कुरान की आयत पर विवाद: कांग्रेस नेता बोले- धार्मिक विरासत को फैशन एक्सेसरी न बनाएं

मुंबई। अभिनेत्री करीना कपूर खान दीपावली पर पहने गए एक खास पेंडेंट को लेकर विवादों में घिर गई हैं। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजकर मुस्लिम समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। नेता का आरोप है कि करीना ने कुरान की आयत लिखे धार्मिक आभूषण को फैशन एक्सेसरी की तरह पहनकर प्रदर्शित किया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

दरअसल, दीपावली के मौके पर करीना ने शाही अंदाज में अपना लुक तैयार किया था। इस दौरान उन्होंने 30 कैरेट पन्ना जड़े करीब 200 साल पुराने पेंडेंट वाला हार पहना था। दावा है कि इस ऐतिहासिक आभूषण पर कुरान की आयत ‘आयत-उल-कुर्सी’ लिखी हुई है। इसे भोपाल की बेगमों की विरासत से जुड़ा बताया जा रहा है।

कांग्रेस नेता बोले- धार्मिक आभूषण को फैशन के लिए इस्तेमाल नहीं करना चाहिए

अब्बास हफीज ने कहा कि उन्हें करीना के पहनावे से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन धार्मिक महत्व वाले पेंडेंट को फैशन के तौर पर प्रदर्शित करना गलत है। उनके मुताबिक, आयत-उल-कुर्सी मुस्लिम समुदाय के लिए बेहद पवित्र है। उन्होंने कहा कि इस आयत को धार्मिक आस्था और सम्मान से जोड़ा जाता है।

हफीज ने कानूनी नोटिस में करीना से सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई संबंधित तस्वीरें और वीडियो हटाने के साथ सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। उनका कहना है कि यह पेंडेंट भोपाल की ऐतिहासिक विरासत और इस्लामिक धरोहर से जुड़ा है। इसे केवल आभूषण या फैशन का हिस्सा नहीं माना जाना चाहिए।

करीना की तरफ से अब तक जवाब नहीं

इस विवाद पर करीना कपूर खान या उनकी टीम की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अभिनेत्री नोटिस पर क्या कदम उठाएंगी।