भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में 20 साल के युवक ने एक कॉम्प्लेक्स के सार्वजनिक शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह है कि युवक ने कुछ देर पहले ही उसी कॉम्प्लेक्स की मोबाइल दुकान से किस्तों पर आईफोन खरीदा था। इसके बाद वह बेसमेंट में गया और वहां फांसी लगा ली। फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है।
घटना शनिवार शाम करीब 4:30 बजे आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स की है। मृतक की पहचान निहाल सिंह (20) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, निहाल कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान पर पहुंचा था। यहां उसने किस्तों पर आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी की।
मोबाइल खरीदने के बाद आया था फोन
दुकान संचालक के मुताबिक, मोबाइल खरीदने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निहाल के पास किसी का फोन आया। वह कुछ देर तक बात करता रहा। इसके बाद बेसमेंट की ओर चला गया। कुछ समय बाद बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय में उसके फांसी लगाने की जानकारी सामने आई।
घटना का पता चलते ही कॉम्प्लेक्स में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल के शवगृह में रखवाया। पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।
फोन पर बातचीत की भी जांच
दुकान संचालक ने पुलिस को बताया कि निहाल फोन पर सोशल मीडिया से जुड़ी किसी बात को लेकर बातचीत कर रहा था। हालांकि, उस बातचीत का आत्महत्या से कोई संबंध था या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए युवक के परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ की जा सकती है।
