रिटायर्ड कैप्टन की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई; सांसद पर भ्रामक और भड़काऊ टिप्पणी करने का आरोप
शिमला। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और गांधी परिवार पर सोशल मीडिया पोस्ट करना भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत को भारी पड़ गया है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की तीन धाराओं में मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कंगना की पोस्ट भ्रामक और भड़काऊ है, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।
पुलिस ने कंगना के खिलाफ BNS की धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत केस दर्ज किया है। शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों से समाज में तनाव पैदा होने और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
कंगना ने सोनिया की बायोग्राफी पर उठाए सवाल
विवाद की शुरुआत कंगना की ओर से इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट रीशेयर करने के बाद हुई। इसमें राजीव गांधी की हत्या वाले दिन सोनिया गांधी के उनके साथ नहीं जाने का जिक्र किया गया था।
कंगना ने इस पोस्ट के साथ सोनिया गांधी की बायोग्राफी को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि किताब में बताया गया है कि राजीव गांधी की हत्या वाले दिन सोनिया उनके साथ क्यों नहीं गई थीं। पोस्ट में थकान और सुस्ती जैसी वजहों का उल्लेख किया गया था।
स्विस बैंक में 2 अरब डॉलर का भी किया दावा
कंगना ने एक अन्य पोस्ट में सोनिया गांधी की संपत्ति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि बिना कमाई के सोनिया गांधी 1991 में दुनिया की सबसे अमीर महिलाओं में कैसे शामिल हो गईं।
पोस्ट में स्विस बैंक खातों में 2 अरब डॉलर से ज्यादा रकम होने का सवाल भी उठाया गया। इन दावों को लेकर भी विवाद खड़ा हुआ है।
शिकायतकर्ता ने जताई सामाजिक तनाव की आशंका
रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियां समाज में तनाव पैदा कर सकती हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कंगना की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है।
