भर्रीटोला में नया धान खरीदी केंद्र खुला: 6 गांवों के 800 से ज्यादा किसानों को राहत, अब 6-7 किमी दूर कुसुमकसा नहीं जाना पड़ेगा

डौंडी ब्लॉक के वनांचल क्षेत्र में शुरू हुआ उपार्जन केंद्र; परिवहन किराया और समय दोनों बचेंगे, किसानों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

बालोद। बालोद जिले के वनांचल क्षेत्र के किसानों को अब धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। डौंडी विकासखंड के ग्राम भर्रीटोला-43 में नया धान खरीदी केंद्र शुरू होने से आसपास के छह गांवों के 800 से अधिक किसानों को राहत मिली है। अब किसान अपने गांव के पास ही समर्थन मूल्य पर धान बेच सकेंगे। इससे उन्हें परिवहन किराए के साथ समय की भी बचत होगी।

पहले 6-7 किलोमीटर दूर ले जाना पड़ता था धान

भर्रीटोला के किसान शंकरलाल धनेंद्र ने बताया कि नया केंद्र खुलने से पहले किसानों को धान बेचने के लिए कुसुमकसा जाना पड़ता था। इसकी दूरी करीब 6 से 7 किलोमीटर थी। धान को दूसरे केंद्र तक ले जाने के लिए वाहन किराया देना पड़ता था। कई बार समय पर वाहन नहीं मिलने से परेशानी होती थी। पुराने केंद्र में किसानों की संख्या अधिक होने के कारण खरीदी में भी काफी समय लगता था।

अब भर्रीटोला में ही खरीदी केंद्र शुरू होने से इन समस्याओं से राहत मिली है। शंकरलाल ने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।

खेत से सीधे खरीदी केंद्र पहुंचा रहे उपज

गांव के किसान महेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि उनका खेत खरीदी केंद्र के आसपास ही है। अब फसल कटाई के बाद वे आसानी से धान लेकर केंद्र पहुंच रहे हैं। पहले दूर स्थित केंद्र तक उपज पहुंचाने में समय और संसाधन खर्च होते थे। नया केंद्र खुलने से खेती के दूसरे कामों के लिए भी समय मिल रहा है।

छह गांवों के किसानों को मिलेगा फायदा

भर्रीटोला-43 में शुरू हुआ नया उपार्जन केंद्र आसपास के छह गांवों के 800 से अधिक किसानों के लिए उपयोगी होगा। स्थानीय स्तर पर खरीदी की सुविधा मिलने से किसानों को परिवहन की परेशानी और अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी। क्षेत्र के किसानों ने नई सुविधा के लिए शासन का आभार जताया है।