दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने पहली बार सार्वजनिक मंच से अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया।
मौका था उनकी मां और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के लॉन्चिंग कार्यक्रम का। यहां राहुल ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को कैम्ब्रिज के उस रेस्टोरेंट में लेकर गए थे, जहां उनके माता-पिता सोनिया गांधी और राजीव गांधी पहली बार मिले थे।
हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि अब उनकी गर्लफ्रेंड कहां है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया- अब वह मेरी दोस्त है।
वर्सिटी रेस्टोरेंट में गर्लफ्रेंड के साथ पहुंचे थे राहुल
राहुल गांधी ने बताया कि कई साल पहले जब वह कैम्ब्रिज में थे, तब अपनी गर्लफ्रेंड के साथ वर्सिटी रेस्टोरेंट गए थे। वह उस जगह को देखना चाहते थे, जहां उनके माता-पिता की मुलाकात हुई थी। रेस्टोरेंट में बैठने के बाद जब वेटर मेन्यू लेकर आया, तो राहुल ने उसे बताया कि उनके माता-पिता इसी जगह मिले थे।
राहुल के मुताबिक, यह सुनकर वेटर ने कहा कि वह उन दोनों को जानता है। राहुल ने उससे पूछा कि वह उनके बारे में क्या जानता है। इस पर वेटर ने जवाब दिया कि उसे अच्छी तरह पता है कि राहुल किन लोगों की बात कर रहे हैं।
खाने को लेकर राहुल ने किया मजेदार खुलासा
राहुल ने बताया कि उन्होंने वेटर से मेन्यू में सबसे अच्छी डिश के बारे में पूछा। वेटर ने उन्हें ‘चिकन चैसर’ खाने की सलाह दी। इसके बाद राहुल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर किसी को प्यार में पड़ना है तो वह वर्सिटी रेस्टोरेंट जा सकता है, लेकिन वहां कभी ‘चिकन चैसर’ नहीं खाना चाहिए।
इस किस्से के दौरान राहुल ने सोनिया गांधी की ओर इशारा करते हुए कहा कि उन्हें शायद याद होगा कि रेस्टोरेंट की यह डिश बहुत शानदार बताई गई थी, जबकि खाना बेहद खराब था। उनकी इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हल्का-फुल्का माहौल बन गया।
सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च पर साझा की यादें
कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते से जुड़ी यादें भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि इस मौके पर बचपन से लेकर अब तक की कई पुरानी बातें अचानक याद आ गईं।
कार्यक्रम के बाद राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा कि इस आयोजन के दौरान बचपन और परिवार से जुड़ी कई यादें ताजा हो गईं।
सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के लॉन्च के दौरान राहुल का यह निजी किस्सा चर्चा का विषय बन गया। खास तौर पर गर्लफ्रेंड के बारे में पूछे गए सवाल पर उनका जवाब सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
