दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत पहुंचा है। दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद मंच में शामिल हुए पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने पुराने किले के इतिहास का जिक्र किया। उन्होंने मुगल शासक हुमायूं और अफगान शासक शेरशाह सूरी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह किला इतिहास की कई परतों को समेटे हुए है।
मलिक ने बताया कि पुराने किले की नींव हुमायूं ने रखी थी, जो मध्य एशिया के तैमूरी वंश से जुड़े थे। बाद में शेरशाह सूरी ने इसके निर्माण को आगे बढ़ाया। उन्होंने इसे इतिहास के दो प्रतिद्वंद्वी शासकों से जोड़ते हुए कहा- एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी यानी दो शासक और एक किला, जिसमें इतिहास की दो परतें हैं।
पीएम मोदी ने किया फोरम का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम दिल्ली के पुराने किले में पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया। 20 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में पाकिस्तान सहित कई देशों के प्रतिनिधि, विद्वान, शिक्षाविद और सांस्कृतिक विशेषज्ञ शामिल हुए हैं।
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया था कि भारत ने चीन, ईरान, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, ताजिकिस्तान, नेपाल, श्रीलंका, सऊदी अरब और तुर्किये सहित 25 देशों को आमंत्रित किया था। पाकिस्तान की भागीदारी पर उन्होंने कहा था कि दोनों देशों की संस्कृति और सभ्यता की जड़ें साझा हैं।
राजनीति से आगे साझा विरासत पर चर्चा
इस फोरम का प्रस्ताव प्रधानमंत्री मोदी ने 2025 में तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन के दौरान रखा था। इसका उद्देश्य संगठन को राजनीति और अर्थव्यवस्था से आगे बढ़ाकर साझा सभ्यता और मानवीय मूल्यों पर संवाद का मंच बनाना है।
पुराने किले को आयोजन स्थल इसलिए चुना गया, क्योंकि इसे प्राचीन इंद्रप्रस्थ से जोड़कर देखा जाता है। यहां अलग-अलग कालखंडों के अवशेष मिले हैं। खुदाई में प्राचीन व्यापारिक संबंधों के संकेत भी मिले हैं, जो आज के SCO सदस्य देशों वाले क्षेत्रों तक फैले थे।
