केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आज: शीतकालीन सत्र के बिलों पर हो सकती है चर्चा, पीएम मोदी ने पिछले हफ्ते 11 मंत्रालयों का लिया था जायजा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आज होगी। इसमें संसद के आगामी शीतकालीन सत्र की तैयारियों और सरकार की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक में सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले विधेयकों को मंजूरी देने के साथ ही विभिन्न योजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया जा सकता है।

शीतकालीन सत्र को देखते हुए सरकार की प्राथमिकताओं और विधायी एजेंडे पर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि, बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

पिछले हफ्ते 3.5 घंटे चली थी समीक्षा बैठक

इससे पहले 18 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में भारत मंडपम में केंद्रीय मंत्रीपरिषद की बैठक हुई थी। करीब साढ़े तीन घंटे चली इस बैठक में गृह और वित्त मंत्रालय समेत 11 मंत्रालयों और विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई थी। संबंधित मंत्रालयों के सचिवों ने योजनाओं और उपलब्धियों पर प्रेजेंटेशन दिया था।

बैठक में गरीबी कम करने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों और विकसित भारत के लक्ष्य पर चर्चा हुई थी। प्रधानमंत्री ने मंत्रियों को संबोधित करते हुए योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने और विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया था।

गरीबी से बाहर आए 50 करोड़ लोगों का जिक्र

बैठक में विश्व बैंक की रिपोर्ट का भी उल्लेख किया गया था। इसके मुताबिक, 2011 से 2023 के बीच भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस अवधि में अत्यधिक गरीबी की दर में 90% की कमी दर्ज की गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री ने गरीबी से बाहर आए लोगों की आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि गलत तरीके से खर्च करने के कारण कुछ लोग दोबारा गरीबी के दायरे में पहुंच सकते हैं। बैठक में आत्मनिर्भरता, आर्थिक मजबूती और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर भी चर्चा हुई थी।