राजधानी के कैफे में 22 साल की युवती से गैंगरेप का आरोप: दो सहकर्मियों पर केस, एक महिला समेत 3 गिरफ्तार; तीन आरोपी फरार

नई दिल्ली। दिल्ली के प्रीत विहार स्थित एक कैफे में 22 साल की युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। युवती इसी कैफे में काम करती थी। उसने अपने दो पुरुष सहकर्मियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।

घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं।

PTI के मुताबिक, युवती सोमवार रात अपने छह सहकर्मियों के साथ कैफे में पार्टी करने पहुंची थी। कैफे रात करीब 11:30 बजे बंद हो गया था, लेकिन पार्टी में शामिल एक व्यक्ति के पास उसकी चाबी थी।

उसने कैफे को दोबारा खोला, जिसके बाद सभी अंदर पार्टी करने लगे। इस दौरान सभी ने शराब पी।

सुबह 3:30 बजे कैफे से निकले थे सभी

पुलिस के मुताबिक, पार्टी मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे खत्म हुई। युवती ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके दो पुरुष सहकर्मियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने वहां मौजूद अन्य लोगों पर भी आरोपियों का साथ देने का आरोप लगाया है।

हालांकि, घटना के समय और घटनास्थल को लेकर पुलिस की ओर से सामने आई जानकारी में अंतर है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, युवती ने पार्टी के दौरान दुष्कर्म का आरोप लगाया है, जबकि मीडिया रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से घटना कैफे से बाहर निकलने के बाद की बताई गई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और फरार तीन लोगों की तलाश की जा रही है।