नई SUV की जल्द होगी लॉन्चिंग, 35 लाख कीमत, जाने क्या है खास

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में जेएसडब्ल्यू मोटर्स (JSW Motors) अपनी नई पहचान के साथ एंट्री करने जा रही है। कंपनी 3 दिसंबर को अपने पहले वाहन से पर्दा उठाएगी। इसे पांच सीटों वाली प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी बताया जा रहा है, जिसके चीन की वाहन निर्माता कंपनी चेरी ऑटोमोबाइल के प्लेटफॉर्म पर तैयार होने की उम्मीद है। इसकी संभावित शुरुआती कीमत 35 लाख रुपये से अधिक हो सकती है।

खास बात यह है कि जेएसडब्ल्यू मोटर्स का पैसेंजर व्हीकल कारोबार पहले से संचालित जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया से अलग होगा। कंपनी अपनी स्वतंत्र ब्रांड पहचान और डीलरशिप नेटवर्क के जरिए भारतीय बाजार में जगह बनाने की तैयारी कर रही है।

JSW Motors ने पेश किया नया लोगो और ब्रांड बैज
जेएसडब्ल्यू ग्रुप ने अपने नए पैसेंजर व्हीकल ब्रांड जेएसडब्ल्यू मोटर्स का लोगो और वाहन बैज पेश कर दिया है। करीब तीन साल पहले चीन की SAIC मोटर के साथ संयुक्त उद्यम के जरिए ऑटोमोबाइल क्षेत्र में कदम रखने की घोषणा के बाद यह कंपनी की स्वतंत्र पहचान बनाने की दिशा में अहम कदम है।

कंपनी का नया बैज पहली बार 3 दिसंबर को उसके पहले वाहन पर नजर आएगा। इसके बाद आने वाले सभी मॉडल इसी ब्रांड पहचान के साथ बाजार में उतारे जाएंगे। जेएसडब्ल्यू मोटर्स का मुख्य फोकस नई ऊर्जा तकनीक वाले वाहनों पर रहेगा। कंपनी वैश्विक तकनीक को भारतीय ग्राहकों तक पहुंचाने की योजना पर काम कर रही है।

चेरी के प्लेटफॉर्म पर तैयार होगी पहली SUV
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी की पहली गाड़ी पांच सीटों वाली SUV होगी, जिसका संभावित नाम ‘कॉम्बैट’ बताया जा रहा है। इसे चीन की चेरी ऑटोमोबाइल की Jetour T2 SUV के प्लेटफॉर्म पर विकसित किए जाने की संभावना है।

इसमें पेट्रोल प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन मिल सकता है। इसके लिए जेएसडब्ल्यू मोटर्स ने चेरी के साथ लाइसेंसिंग और कंपोनेंट सप्लाई से जुड़ा समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत कंपनी भारतीय बाजार में अपने ब्रांड नाम से वाहन पेश कर सकेगी।

हालांकि, कंपनी ने अभी तक पहली SUV के इंजन, फीचर्स, बैटरी क्षमता और अन्य तकनीकी जानकारियों का खुलासा नहीं किया है। इन सभी जानकारियों के लिए 3 दिसंबर को होने वाले अनावरण का इंतजार करना होगा।

35 लाख रुपये से ज्यादा हो सकती है कीमत
जेएसडब्ल्यू मोटर्स अपनी पहली SUV को प्रीमियम सेगमेंट में उतार सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी शुरुआती कीमत 35 लाख रुपये से अधिक रहने की संभावना है। इस कीमत के साथ कंपनी की नजर उन ग्राहकों पर होगी, जो प्रीमियम डिजाइन के साथ आधुनिक हाइब्रिड तकनीक वाली SUV खरीदना चाहते हैं।

कंपनी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर संभावित ग्राहकों के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी शुरू कर दी है। हालांकि, कीमत और बुकिंग से संबंधित विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

महाराष्ट्र में तैयार होगा 300 एकड़ में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट
जेएसडब्ल्यू मोटर्स महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में अपना नया ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित कर रही है। इसके लिए करीब 300 एकड़ जमीन निर्धारित की गई है।

कंपनी के मुताबिक, प्लांट की शुरुआती उत्पादन क्षमता सालाना पांच लाख वाहन होगी। भविष्य में इसे बढ़ाकर 10 लाख वाहन प्रतिवर्ष तक ले जाने की योजना है। शुरुआत में विदेशी तकनीक और साझेदारी का सहारा लिया जाएगा। इसके बाद धीरे-धीरे भारत में वाहन निर्माण और पुर्जों के स्थानीयकरण को बढ़ावा दिया जाएगा।

कंपनी अपने वाहनों की बिक्री के लिए अलग डीलरशिप नेटवर्क भी तैयार करेगी। यानी जेएसडब्ल्यू मोटर्स के वाहन जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया के मौजूदा शोरूम नेटवर्क से अलग बेचे जाएंगे।

चार साल में 15 मॉडल लॉन्च करने की तैयारी
जेएसडब्ल्यू मोटर्स की योजना आने वाले चार वर्षों में भारतीय बाजार में करीब 15 नए मॉडल पेश करने की है। इसके जरिए कंपनी इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड समेत नई ऊर्जा वाले वाहनों के बाजार में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाना चाहती है।

जेएसडब्ल्यू ग्रुप के चेयरमैन सज्जन जिंदल ने ब्रांड की सोच साझा करते हुए कहा कि भारत को सिर्फ सस्ते उत्पादों की नहीं, बल्कि बेहतरीन गुणवत्ता वाले उत्पादों की जरूरत है। कंपनी का लक्ष्य विश्वस्तरीय मोबिलिटी तकनीक को भारतीय उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है।

वहीं, कंपनी के सीईओ रंजन नायक के अनुसार, जेएसडब्ल्यू मोटर्स प्रोडक्ट इनोवेशन, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग और स्थानीयकरण को जोड़कर एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार कर रही है।

3 दिसंबर को खुलेगा पहली SUV का राज
जेएसडब्ल्यू मोटर्स के लिए 3 दिसंबर अहम तारीख होने जा रही है। इसी दिन कंपनी अपने पहले वाहन को नए ब्रांड बैज के साथ पेश करेगी। इस SUV के जरिए कंपनी भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी नई पारी शुरू करेगी। अब ग्राहकों को इसके आधिकारिक डिजाइन, फीचर्स, तकनीकी खूबियों और कीमत की घोषणा का इंतजार है।