राज्योत्सव में शामिल होंगे अमित शाह, ‘माओवाद मुक्त छत्तीसगढ़’ होगी थीम

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर इस साल राज्योत्सव का आयोजन ‘सुंदर, सुघ्घर और माओवाद मुक्त छत्तीसगढ़’ की थीम पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आमंत्रण पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और माओवाद से मुक्ति की दिशा में हुए प्रयासों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने राज्योत्सव की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि समारोह के जरिए छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति के साथ विकास की नई पहचान को सामने लाने की तैयारी है। आयोजन स्थल पर आम नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

स्थानीय कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच

राज्योत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों और लोक नर्तकों को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की जमीनी प्रतिभाओं को बड़े मंच पर अपनी कला दिखाने का अवसर देना है। इसके साथ ही युवाओं और आम लोगों की मांग को देखते हुए देश के तीन प्रसिद्ध बाहरी कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इससे स्थानीय लोक कला और राष्ट्रीय स्तर के मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा।