गूगल मैप्स के इन फीचर से रास्ता खोजना हुआ आसान, जानें कैसे करें इस्तेमाल

ज्यादातर लोग गूगल मैप्स का इस्तेमाल केवल रास्ता खोजने या नेविगेशन के लिए करते हैं, लेकिन इसमें एक ऐसा फीचर भी मौजूद है जो ट्रैवल प्लानिंग को काफी आसान बना सकता है। इस फीचर का नाम Lists है, जिसकी मदद से यूजर्स अपनी पसंदीदा जगहों को अलग-अलग कैटेगरी में सेव और व्यवस्थित कर सकते हैं।

अगर आप किसी यात्रा की योजना बना रहे हैं या भविष्य में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो यह फीचर आपके लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। इसके जरिए आप होटल, कैफे, रेस्टोरेंट, पर्यटन स्थल या अन्य जरूरी लोकेशन को एक ही लिस्ट में सेव कर सकते हैं, जिससे ट्रिप के दौरान बार-बार सर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती।

यह फीचर सिर्फ नियमित रूप से यात्रा करने वालों के लिए ही नहीं, बल्कि साल में एक-दो बार छुट्टियों पर जाने वाले लोगों के लिए भी काफी मददगार है। इतना ही नहीं, गूगल मैप्स की Lists का इस्तेमाल रोजमर्रा की जिंदगी में भी किया जा सकता है। उदाहरण के तौर पर, आप अपने शहर में खुले नए कैफे, रेस्टोरेंट, पार्क या घूमने की अन्य जगहों को सेव करके रख सकते हैं और समय मिलने पर वहां आसानी से जा सकते हैं।

ऐसे बनाएं अपनी नई List
गूगल मैप्स में नई लिस्ट बनाने के लिए सबसे पहले ऐप खोलें और **You** टैब पर जाएं। इसके बाद **New List** विकल्प पर टैप करें। अब अपनी लिस्ट का नाम दर्ज करें और चाहें तो उसे पहचानने में आसानी के लिए कोई आइकन या इमोजी भी जोड़ सकते हैं। इसके बाद अपनी पसंदीदा जगहों को उस लिस्ट में सेव करना शुरू कर दें।