दिल्ली। इजरायल और हमास के बीच सीजफायर के बावजूद गाजा में हमले जारी हैं। दक्षिणी गाजा के खान यूनिस में इजरायली सेना ने हवाई हमला कर हमास के वरिष्ठ कमांडर समीर अबू यूनिस को मार गिराया।
वह हमास की सशस्त्र शाखा अल-कस्साम ब्रिगेड की रफाह ब्रिगेड का कमांडर था। इजरायली सेना ने हमले की पुष्टि की है। वहीं, हमास ने भी अपने कमांडर की मौत स्वीकार कर ली है। हमले में आसपास मौजूद कई अन्य लोगों के घायल होने की खबर है।
सड़क पर जाते समय बनाया निशाना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने खान यूनिस के मवासी इलाके में समीर अबू यूनिस को निशाना बनाया। वह सड़क से गुजर रहा था, तभी उस पर हवाई हमला किया गया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। समीर की उम्र 53 साल बताई जा रही है। वह 1991 से अल-कस्साम ब्रिगेड से जुड़ा था और रफाह क्षेत्र में कई सैन्य अभियानों में उसकी भूमिका रही थी।
हमास ने उसकी मौत की पुष्टि करते हुए रविवार दोपहर खान यूनिस में जनाजे का ऐलान किया है।
रफाह ब्रिगेड का प्रमुख था अबू यूनिस
समीर अबू यूनिस हमास की सैन्य शाखा अल-कस्साम ब्रिगेड के वरिष्ठ कमांडरों में शामिल था। वह रफाह ब्रिगेड का नेतृत्व कर रहा था। इजरायली सेना की ओर से उसे निशाना बनाए जाने को हमास के सैन्य नेतृत्व के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
सीजफायर के बाद भी जारी हमले
अक्टूबर 2025 में इजरायल और हमास के बीच संघर्षविराम समझौता हुआ था। इसके बाद बड़े पैमाने पर युद्ध थमा, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव और हमले पूरी तरह बंद नहीं हुए।
गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, सीजफायर लागू होने के बाद से इजरायली सैन्य अभियानों में 1600 से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। इसी अवधि में झड़पों के दौरान इजरायल के 5 सैनिक भी मारे गए हैं। ताजा हमले ने सीजफायर की स्थिति पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
